Wednesday, August 21, 2019

शिकंजे में चिदंबरम


आईएनएक्स मीडिया केस में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत की याचिका को खारिज कर देने और सर्वोच्च न्यायालय से तत्काल राहत न मिलने के बाद सीवीआई ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री  पी. चिदंबरम को गिरफ्तार कर  लिया है। इसके साथ ही दिग्गज कांग्रेसी नेता को जांच एजेंसियों ने अपने शिकंजे में  ले लिया है। चिदंबरम  के बचाव में  कांग्रेस की ओर से पूरी ताकत झोंके जाने के  बावजूद प्रर्वतन निर्देशालय और सीबीआई ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस और सर्वोच्च न्यायालय में  कैविएट दाखिल करके दिग्गज कांग्रेस नेता के खिलाफ पुख्ता घेराबंदी कर ली थी। कांग्रेस समेत एक तबका इसे  राजनीतिक बदले की कार्रवाई  कह रहा  है, लेकिन मुश्किल यह है कि इस आरोप के पक्ष में ठोस तर्क नहीं है, आईएनएक्स मीडिया के मामले में एजेंसियों ने  तत्कालीन वित्त मंत्री  पी. चिदंबरम और उनके बेटे के कथित  भ्रष्टाचार के जो खुलासे किए हैं, उनकी गंभीरता को देखते हुए उनका बचाव नहीं  किया जा सकता। सीबीआई और प्रर्वतन निर्देशालय के मुताबिक, आईएऩएक्स मीडिया को 305 करोड़ रूपये की धनराशि प्राप्त करने  के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी देने के एवज में तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने उसके प्रमोटर मुखर्जी दंपति को अपने बेटे की मदद  करने के लिए कहा था। प्रर्वतन निदेशालय का आरोप हैकि आईएऩएक्स मीडिया केस में रिश्वतखोरी के पैसे से देश-विदेश में संपत्तियां खरीदी गईं। कहा गया है कि एफआईपीबी  की मंजूरी में अनियमितताओं के ऐसे और भी मामले हैं। दिल्ली उच्च  न्यायालय़ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री को जमानत देने से इनकार करते हुए इस जिस तरह मनी लॉन्ड्रिंग का क्लासिक उदाहरण कहा, वह बेहद गंभीर टिप्पणी है। अदालत का यह भी  कहना था कि  चिदंबरम को पहले जब अदालत से राहत मिली हुई थी, तब उन्होंने जांच एजेंसियों का सहयोग नहीं किया। सवाल यह है  कि अगर यह राजनीतिक कार्रवाई  है, तब  उन्होंने जांच में सहयोग क्यों नहीं  किया। कानून तो सबके लिए बराबर है। हमारे यहां कि एक बडी बिडंबना यह है कि भ्रष्टाचार के मामलों के लगातार सामने आने के बावजूद ऊंचे रसूखदार लोगों  को उनके किए की सजा कम ही मिल पाती है। लिहाजा इस मामले में न सिर्फ  सच्चाई सामने आनी चाहिए, बल्कि मामले को उसकी तार्किक परिणति तक ले जाना भी जरूरी है।

Monday, August 12, 2019

अमन की तलाश


अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने भरोसा जताया है  कि उनके देश में अमन  कायम होगा, लेकिन उनका यह भी कहना है कि उनके देश के भविष्य का फैसला वहां के लोग खुद करेंगे और इसमें किसी बाहरी की कोई भूमिका नहीं होगी। समझा जा सकता है कि उनके निशाने पर अमेरिका और तालिबान है, जिनके बीच चल रही वार्ता में गनी और उनके प्रशासन की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है। वहां कि स्थिति कितनी जटिल है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वहां सितंबर के मध्य में राष्ट्रपति का चुनाव तय है, मगर अमेरिका उससे पहले तालिबान के साथ समझौता करना चाहता है, तालिबान नें नागरिकों को चुनाव से दूर रहने की धमकी तक दे रखी है, इससे यह आशंका भी हो रही है कि क्या वहां चुनाव नियत समय पर हो  भी पाएंगे। दरअसल 9/11 के हमले के बाद जब अमेरिका ने अफगानिस्तान में अल कायदा और तालिबान के खिलाफ युद्ध छेड़ा था, तब  शायद उसे भी अंदाजा नहीं था कि आतंकवाद के खिलाफ  शुरू हुई इस जंग में वह भी उलझ कर रह जाएगा। बेशक, उसने सत्ता से तालिबान को बेदखल करने के बाद वहां  निर्वाचन की प्रक्रिया भी शुरू करवाई, लेकिन वास्तव में देश के बड़े हिस्से में आज भी तालिबान का  ही  कब्जा है। लंबे समय से अमेरिका वहां से अपनी और नाटो की फौज की वापसी की कोशिश भी  कर रहा है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली है। दोबारा निर्वाचन की चाह  में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि नवंबर, 2020 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले उनकी फौज अफगानिस्तान छोड़ दे। इसके लिए उन्होंने एक तरह से तालिबान की ओर ही हाथ बढाया है। कतर की मध्यस्थता में अमेरिकी प्रतिनिधियों, और तालिबान के बीच हुई कई दौर की बात हो भी चुकी है। समझौते की जो शर्त सामने आई है, उसके मुताबिक अमेरिका वहां की फौज वापस बुला लेगा और बदले में तालिबान  अपनी जमीन से किसी चरमपंथी संगठन को अपनी गतिविधियां  चलाने की इजाजत नहीं देगा। मगर अफगानिस्तान  में पाकिस्तान के दखल और चीन के बढते प्रभाव को देखते हुए यह मुश्किल दिखता है। अफगानिस्तान में  लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे, यह  उस देश के साथ ही भारत सहित क्षेत्रीय हित में है, लिहाजा बदले हुए हालात में वहां कि स्थिति को लेकर काफी सतर्क रहने की जरूरत है।

Friday, August 9, 2019

बेहतर बदलाव का बड़ा फैसला


राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जहां संविधान के अनुच्छेद 370 और 35 ए  को हटाने के अपनी सरकार के फैसले की जरूरत को रेखांकित किया है, वहीं यह भी बताया  कि इससे नए कश्मीर के निर्माण के साथ-साथ लद्दाख का विकास भी संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे के कारण वहां शिक्षा का अधिकार, न्यूनतम मजदूरी कानून, सफाई कर्मचारी और अल्पसंख्यक सुरक्षा से संबंधित कानून लागू नहीं हुए, बेटियां अधिकारों से  वंचित रहीं, तो दलितों को सामाजिक सुरक्षा, वंचितों को आरक्षण का लाभ और पश्चिम पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को मतदान का अधिकार नहीं मिला। जबकि भौगोलिक रूप से सुदूर स्थित लद्दाख को केन्द्र शासित प्रदेश बनाने की मांग तो बहुत पुरानी थी। प्रधानमंत्री के संबोधन का बड़ा हिस्सा दो केन्द्र शासित प्रदेशों के रोडमैप पर केंद्रित था। उसमें  भी उन्होंने मुख्यत: चार वर्गों-कर्मचारियों, युवाओं, आम  लोगों तथा व्यापारियों को संबोधित किया। जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को जल्दी ही दूसरे केन्द्र शासित प्रदेशों की तरह सुविधाएं मिलने की उन्होंने बात की,  तो जल्दी ही चुनाव कराने और फिर जम्मू-कश्मीर  को राज्य का दर्जा देने का आश्वासन देकर आम लोगों की आशंकाएं दूर कीं। सरकारी रिक्तियां जल्द भरे जाने और सेना व अर्धसैनिक बलों में भर्ती का अभियान चलाने की बात कर प्रधानमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिया, तो कारोबारियों को निवेश के लिए आगे आने की बात कही. ताकि विकास और समृद्धि के सपने को साकार किया जा सके, जिसके लिए इतने साहसी फैसले लिए गए हैं। खासकर घाटी में सामान्य जनजीवन की बहाली के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना जरूरी है। सुरक्षा के मोर्चे पर वहां बिल्कुल चाक-चौबंद व्यवस्था है, जिसकी मौजूदा परिस्थिति में जरूरत भी है। वहां जनजीवन ठहर गया है, जिसे पटरी पर लाने और जनता से संवाद करने की कोशिश होनी चाहिए। उम्मीद करनी चाहिए कि सामूहिक प्रयासों से वहां पाक प्रायोजित आतंकवाद को ध्वस्त किय़ा जाएगा, जिससे विकास, रोजगार और पर्यटन के अवसरों से भरपूर नया कश्मीर देश के विकसित राज्यों की सूची में शामिल होगा।

Subscribe my Youtube channel

Thursday, August 8, 2019

पाकिस्तान की बौखलाहट


जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करने पर पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को निष्कासित कर और द्विपक्षीय व्यापार को स्थगित कर जैसी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, उसका अंदेशा पहले से था। उसने समझौता एक्सप्रेस को रद्द करने की भी एकतरफा घोषणा की है, अलबत्ता उसने साफ किया है कि वह अपना हवाई क्षेत्र भारतीय उड़ानों के  लिए बंद नहीं कर रहा है। ऐसा लगता है कि उसे न तो जमीनी हकीकत का एहसास है और न ही अतीत से उसने कुछ सबक लिया है। पाकिस्तान के हुक्मरान अपने आंतरिक संकटों से उबरने के लिए जब भी मौका मिलता है, कश्मीर मुद्दे का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की कोशिश करते है, यह उनका पुराना राग है। इसके बावजूद भारत ने संयम का परिचय देते हुए उससे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। वास्तव में भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय व्यापार इतना है ही नहीं, कि उसे बंद करने से भारत के हितों को चोट पहुंचे। यही नहीं, पुलवामा में भारतीय सुरक्षा बलों के काफिले पर हुए हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से तरजीही देश का दर्जा हटाकर दो सौ वस्तुओं पर शुल्क भी बढ़ा दिया था। पाकिस्तान में इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र  और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय जैसे मंचों पर ले जाने की धमकी भी दी है, लेकिन वह भूल रहा है कि भारत ने अपने संविधान की व्यवस्था में ही परिवर्तन किया है, जिससे पाकिस्तान समेत किसी भी अन्य देश का कोई लेना-देना नही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान से साफ कहा है कि जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा विकास के नए अवसर पैदा करने कि लिए खत्म किया गया है और यह भारत का आंतरिक मामला है। दरअसल वहां की विषम सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का ही आतंकवादी और अलगाववादी लाभ उठाते आए है। पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ने जो एकतरफा कदम उठाया है, उसमें उसकी बौखलाहट ही दिखाई दे रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान के बारे में ठीक ही कहा था कि आप अपना दोस्त तो बदल सकते हैं, पड़ोसी नहीं. इसके बावजूद आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के आज जैसे हालात हैं, उसमें सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि वह कोई दुस्साहस न करे।


Subscribe my Youtube channel

Tuesday, August 6, 2019

लद्दाख मे नई उम्मीद


जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा दिए जाने से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रमुख प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और इस उत्तरी राज्य को दो केन्द्र शासित प्रदेशों में बांटने के केन्द्र सरकार के कदम से दर्गम क्षेत्र में बसे लेह और लद्दाख के लोगों का  दशकों पुराना सपना भी साकार हुआ है। 72 वर्ष पहले भारत संघ में जम्मू-कश्मीर के विलय के बाद से लद्दाख इस राज्य का हिस्सा जरूर बना हुआ था, मगर विकास की विसंगतियों और संसाधनों के बंटवारे में भेदभाव के कारण इस क्षेत्र की आकांक्षाएं दबी रहीं। हैरत नहीं होनी चाहिए कि 1,73,2766.37 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला लद्दाख क्षेत्रफल के मामले में देश का सबसे बड़ा लोकसभा क्षेत्र है। कारगिल और लेह दो जिलों में बंटा यह क्षेत्र पाकिस्तान और चीन से सटा होने के काऱण सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील भी है, जहां ये दोनों पड़ोसी अतीत में दुस्साहस कर चुके हैं। अलगाववाद और आतंकवाद से ग्रस्त जम्मू-कश्मीर की छाया में यह क्षेत्र बरसों से उपेक्षित ही रहा है, यहां तक कि राज्य के प्रशासनिक ढांचे और सरकारी नौकरियों तक में उसे समुचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। इसी वजह से यहां केे लोग इसे केन्द्र शासित राज्य बनाए जाने की मांग करते रहे हैं। इसी दबाव के कारण अक्टूबर, 1993 में केन्द्र की तत्कालीन नरसिंह राव सरकार के समय जब जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू था, लेह में लद्दाख ऑटोनमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल(एलएचडीसी) की स्थापना की गई थी और फिर 2023 में अटल बिहारी वाजपेयी की अगुआई वाली एनडीए सरकार ने कारगिल में भी एलएचडीसी की स्थापना की। मगर इन स्वायत्त परिषदों की स्थापना के बावजूद वहां बड़ा बदलाव नहीं आया। दरअसल इस क्षेत्र के अपने सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दे रहे हैं, जो कि जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में काफी भिन्न है, मगर राज्य की राजनीती और वहां की राज्य की सरकार में हमेशा इन दोनों ही क्षेत्रों का प्रभुत्व रहा है। लिहाजा लद्दाख के मुद्दों को सुलझाने के लिए जिस तरह की राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत थी, उसका हमेशा अभाव देखा गया। आठ महीने पहले ही लेह और कारगिल की एलएचडीसी ने कश्मीर के प्रशासनिक ढांचे से पूर्ण स्वायत्तता की मांग करने वाले प्रस्ताव पारित किए थे, जिससे इस क्षेत्र की छटपटाहट को महसूस किया जा सकता है और अब उम्मीद की जा सकती है कि उसका समुचित हक मिलेगा।


Subscribe my Youtube channel

Monday, August 5, 2019

साहसिक और एतिहासिक कदम


जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और इस सीमावर्ती राज्य को दो केन्द्र शासित प्रदेशों में बांटने का नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार का फैसला अत्यंत साहसिक होने के साथ ही एतिहासिक भी है। इस राज्य को उसकी विशेष स्थिति के कारण ही भारी जोखिम का सामना करना पड़ा है और विकास की तमाम संभावनाओं के बावजूद वह मुख्यधारा से अलग-थलग रहा है। 26 अक्टूबर ,1947 की कुछ शर्तों के साथ जम्मू-कश्मीर का भारतीय संघ में विलय हुआ था और 1954 में राष्ट्रपति के आदेश के जरिये जोड़े गए अनुच्छेद 35ए के जरिये इसे ऐसे विशेष राज्य का दर्जा हासिल था, जिसे रक्षा, संचार और वित्तीय मामलों को छो़ड़कर अपने कानून बनाने का अधिकार प्राप्त था। इसका मतलब यह था कि वहां भारतीय संसद से पारित शिक्षा, और स्वास्थय जैसे बुनियादी मामलों से जुड़े विधेयक मान्य नहीं थे। यहीं नहीं, वहां राज्य के बाहर के नागरिकों को संपत्ति खरीदने का अधिकार नहीं था, यहां तक कि जम्मू-कश्मीर की कोई महिला राज्य के बाहर विवाह करने की स्थिति में अपने ही राज्य में संपत्ति नहीं खरीद सकती थी। पाकिस्तान से सटे होने के कारण इस मुस्लिम  बहुल राज्य की संवेदनशील स्थिति भी समझी जा सकती है, जो लंबे समय से सीमापार आतंकवाद और अलगाववाद का सामना कर रहा है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में जम्मू-कश्मीर में विशेष प्रावधान हटाने का संकल्प और राज्य पुनर्गठन विधेयक प्रस्तुत करते हुए ठीक ही स्मरण कराया है कि राम मनोहर लोहिया जैसे महान समाजवादी नेता का यह मानना था कि अनुच्छेद 370 को हटाए बिना जम्मू-कश्मीर का भारत में पूर्ण एकीकरण नहीं हो सकता । फिर यह भी नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा जनसंघ के जमाने से अनुच्छेद 370 के खिलाफ थी और उसने बीते चुनाव में भी इसे हटाने का  वादा किया था। लद्दाख को केन्द्र शासित क्षेत्र बनाए  जाने का फैसला निश्चित रूप से अप्रत्याशित है। गृह मंत्री ने राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के तमाम सवालों के जवाब दिए है, इसके बावजूद सरकार को खास तौर पर जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों, संगठनों और आमलोगों को विश्वास में लेना चाहिए, ताकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख नई शुरूआत कर सकें।


Subscribe my Youtube channel

Friday, August 2, 2019

अर्थव्यवस्था की चिंता


बजट की करीब एक महीने बाद ही अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों से मिलने वाले हताशाजनक संकेत चिंताजनक तो है ही, ये सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग करते हैं। जून में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, उवर्रक, इस्पात, सीमेंट, बिजली और रिफाइनरी उत्पाद जैसे आठ बुनियादी उद्योगो की विकास दर मात्र 0.2 फीसदी रही, जो पिछले चार साल का सबसे निचला स्तर है, और जिससे पता चलता है कि हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियादी हालत दयनीय है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र की स्थिति जुलाई में और खराब हो गई, जब मारूती की बिक्री अट्ठारह साल के निचले स्तर पर पहुंच गई और छोटी गाड़ियों की बिक्री में भी भारी गिरावट दर्ज हुई। इससे रोजगार में भारी कटौती की आशंका है। अमीरों और कारोबारियों के प्रति सख्ती बरते जाने से हाल ही में कैफे फॉफी डे के सस्थापक वी जी सिद्धार्थ की आत्महत्या से यह धारणा और पुष्ट ही होती है- शेयर बाजार बजट के बाद से ही गिर रहा था, अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती के बाद इसमें और तेजी आई है, क्योंकि  विदेशी संस्थागत निवेशक अपना पैसा निकाल रहे हैं। विगत जुलाई में सेंसेक्स और निफ्टी में छह प्रतिशत की गिरावट आई,जो सत्रह साल में सबसे खराब प्रदर्शन  है। खुद सरकार की भी वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं। कैग की रिपोर्ट बताती है कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सकल कर राजस्व में वृद्धि की दर मात्र 1.4 फीसदी रही, जबकि बजट में इसमें 18.3 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। सुस्त वैश्विक विकास, कमजोर मानसून और एनबीएफसी संकट के कारम अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी क्रिसिल नें भारत की आर्थिक विकास दर का अनुमान 7.1 से घटाकर 6.9 फीसदी कर दिया है। आईएमएफ पहले ही विकास दर का अनुमान घटाकर सात प्रतिशत कर चुका है। यह ठीक है कि निर्यात के मोर्चे पर लंबी सुस्ती अर्थव्यवस्था की बदहाली का एक बड़ा कारण है। पर घरेलु स्तर पर हमारी आर्थिक नीतियां भी मांग बढ़ाने में कारगर नहीं हुई है। रिजर्व बैंक द्वारा इस साल ब्याज दर में एक से अधिक बार की गई कटौतियों का भी सकारात्मक असर नहीं पड़ा है। अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए कल्याणकारी नजरिये से आगे की सोचने और कारोबारियों तथा विदेशी निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जरूरत है।

Thursday, August 1, 2019

सुरक्षिक सफर के लिए


राज्यसभा में पारित होने के बाद जल्द कानून बनने जा रहे मोटर यान संशोधन विधेयक को जितना व्यापक रूप दिया गया है, वह  सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता को ही दर्शाता है। दरअसल तीन दशक पुराना मोटर यान अधिनियम,1988 देश में सड़क परिवहन की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए कमजोर साबित हो रहा है, हमारा देश सड़क हादसों के मामले में दुनिया में पहले नंबर पर है, जहां हर साल डेढ लाख लोग सड़क हादसों में मारे जाते है। दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर देश में हाल के दशकों में जहां शहरीकरण की प्रक्रिया में तेजी आई है, वहीं वाहनों की संख्या बढ़ी है और सड़कों तथा हाईवे का विस्तार हुआ, नतीजतन स़ड़क हादसे भी बढ़े है। महज बाइस दिन पहले आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे में राज्य परिवहन निगम की एक बस नाले में गिरने से हुए हादसे ने विकास के इस विद्रुप को सामने ला दिया था, जिसमें करीब तीस लोगों की मौत हो गई थी। नए कानून में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना की राशि को पांच से दस गुना तो करने का प्रावधान है ही, इसमें ़ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाए जाने और वाहन निर्माताओं को भी जाबवदेह बनाने का प्रावधान है। नाबालिग बच्चे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो उनके अभिवावकों पर 25 हजार रूपये का जुर्माना करने के साथ ही जेल का भी प्रावधान निश्चित रूप से उन लोगों को हतोत्साहित करेगा, जो अपने कम उम्र बच्चों को वाहन देने को अपनी समृद्धि और रसूख के प्रदर्शन का जरिया मानते है। संशोधित विधेयक में एक अहम बात य़ह है कि त्रुटिपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनियों और एजेंसियों को दण़्डित किए जाने का भी प्रावधान है, तो यह विधेयक केन्द्र सरकार को ऐसे त्रुटिपूर्ण वाहनों को सड़कों से बाहर करने का भी अधिकार देता है, जिनके कारण पर्यावरण को या सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों को नुकसान हो सकता है। हालांकि यह भी सच है कि इस कडे कानून के साथ ही इस पर अमल करने वाली एजेंसियों को जवाबदेह बनाने और यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि इसका दुरूपयोग नहीं होगा, ताकि लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।


follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel

Wednesday, July 31, 2019

ऐतिहासिक कदम


तलाक-ए-विद्दत यानी तीन तलाक से संबधित मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक-2019 के राज्यसभा में पारित होने के साथ ही इस मनमानी कुप्रथा से मुस्लिम महिलाओं की मुक्ति का रास्ता साफ हो गया। सुप्रीम कोर्ट ने दो वर्ष पहले ही इसे असांविधानिक करार दिया  था और इस विवाह विधेयक के दोनो सदनों में पारित होने के साथ ही देश ने सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढा दिया है। हालत यह थी कि सुप्रीम कोर्ट के असांविधानिक करार दिए जाने के बाबजूद टेलीफोन या वॉट्सअप के जरिये तीन तलाक दिए जाने के मामले सामने आए हैं। वाकइ शाय़रा बानो के लिए यह भावुक क्षण होगा, जिन्हें उनके पति नें एक चिट्ठी के जरिये तलाक दे दिय़ा था और इसके खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट तक गईं। इसे उन महिलाओं की जीत के रूप नें  भी देखा जाना चाहिए, जिन्हें इस कुप्रथा के कारण बेहद मुश्किल हालात में अपनी और अपने बच्चों की परवरिश करनी पड़ती है। तीन तलाक के मामले में अब अधिकतम तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान कर दिया गया है। सरकार ने भले ही विधेयक को प्रवर समिति को भेजने की विपक्ष की मांग न मानी हो, लेकिन पहले के विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण संशोधन कर इसे व्यापक मानवीय रूप दिया गया है, जिससे इसकी सार्थकता वढ़ गई है। मसलन, तीन तलाक देने की स्थिति मेे सिर्फ पत्नी या परिजन ही मामला दर्ज कर सकेंगे और मजिस्ट्रेट के जरिये पति-पत्नी में सुलाह की गुंजाइश तलाशी जा सकती है। कोई भी प्रगतिशील समाज अपनी आधी आबादी के साथ सिर्फ लैंगिक आधार पर कोई भेदभाव स्वीकार नहीं कर सकता। फिर भूलना नहीं चाहिए कि इंडोनेशिया, ईरान, ईराक, सूड़ान. लेबनान और सऊदी अरब ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे हमारे पड़ोसी मुल्कों ने तीन तलाक से पहले ही निजात पा ली है। इस विधेयक के पारित होने के साथ ही लगता है मानो भारतीय संसद ने 1986 में की गई अपनी गलती को सुधार लिया है, जब उसने शाह बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटते हुए कानून बनाकर उनके तलाक को वैध ठहरा दिया था। निश्चित रूप से यह मोदी सरकार की भी बड़ी कामयाबी है,  जो अपने पिछले कार्यकाल से इसे पारित करवाने का प्रयास करवा रही थी। इससे यह भी साफ हो गया है कि उसने छोटे दलों के सहयोग से बहुमत की बाधा को पार कर लिया है, जैसे उसने पिछले हफ्ते सूचना का अधिकार कानून संशोधनों को पारित करवाया था।

follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel

Thursday, July 11, 2019

और अब गोवा


कर्नाटक में जनता दल (यू) और कांग्रेस की गठबंधन सरकार पर छाए संकट के बीच गोवा में दस कांग्रेस विधायकों ने भाजपा का दामन थामकर देश की सबसे पुरानी पार्टी के समक्ष एक नया संकट पैदा कर दिया है। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता चंद्रकांता कावलेकर के नेतृत्व में इन विधायकों के पाला  बदलने से पहले तक ऐसा लगता है कि पार्टी को एहसास ही नहीं था, कि राज्य में उसकी जमीन खिसक रही है। हालत यह है कि आनन-फानन में दिल्ली से पार्टी को प्रभावी सचिव को वहां भेजना पड़ा, ताकि बचे पांच विधायकों को संभाला जा सके। यह उस गोवा की स्थिति है, जहां 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 40 में से 17 सींटें जीतकर कांग्रेस  सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन दूसरे नंबर पर आई भाजपा ने एमजीपी और जीएफपी का समर्थन जुटाकर सरकार बना ली थी। इन दस विधायकों के भाजपा में जाने से उसके विधायकों की संख्या 27 हो गई है और उसे कुल 33 विधायकों का समर्थन हासिल है। निश्चित रूप से सरकार बनाने के बाद से भाजपा खुद की स्थिति मजबूत करने की कोशिश में थीं और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मार्च में एमजीपी के कोटे के उप मुख्यमंत्री सुधिन धावलीकर को बर्खास्त कर दिया था, ताकि वे एमजीपी से भाजपा में शामिल होने वाले मनोहर अजगांवकर को उप मुख्यमंत्री बना सकें। मगर असली संकट तो कांग्रेस का है, जो राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद आज तक उबर नहीं पाई और उसकी नेतृत्वहीनता का असर कर्नाटक से लेकर गोवा तक दिखाई दे रहा है। तेलंगाना में भी वह अपने विधायकों को बचा नहीं सकी, जहां 18 में से 12 विधायक एक साथ सत्तारूढ तेलंगाना राष्ट्र समिति(टीआरएस) में शामिल हो गए। गोवा और तेलंगाना, दोनों ही जगह कांग्रेस के दो तिहाई से अधिक विधायकों के पाला बदलने के कारण दल-बदल कानून  उन पर लागू नहीं होता। निश्चित रूप से ऐसे दल-बदल भले ही कानून के दायरे से बच जाएं, लेकिन यह लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण को ही दिखाते हैं। अलबत्ता कर्नाटक से लेकर गोवा तक कांग्रेस की आज जो स्थिति हो गई है, उसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं, जोकि लोकसभा चुनाव में मिली पराजय के बाद हताशा से उबर नही ंपाई है।


follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel

Monday, July 8, 2019

ईरान की धमकी का मतवल


ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों की भरपाई की मांग करते हुए यूरेनियम संवर्धन और भंडारण बढ़ाने की जो धमकी दी है, उसने दुनिया को एक बड़े संकट के मुहाने पर ला खड़ा किया है। भारी दबाव के बाद ईरान ने अमेरिका सहित सुरक्षा परिषद के पांचों स्थायी सदस्यों, जर्मनी और यूरोपीय संघ के साथ अपना परमाणु कार्यक्रम सीमित करने से संबधित समझौते पर 2015 में हस्ताक्षर किए थे, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एकतरफा फैसला लेते हुए एक साल पहले इससे खुद को अलग कर लिया था और ईरान पर नए आर्थिक प्रतिबंध लाद दिए थे। इस समझौते यानी जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ एक्शन (जेसीपीओए) के तहत ईरान ने मध्य स्तर के संवर्धित यूरेनियम का भंडार खत्म करने और अगले पंद्रह वर्ष तक यूरेनियम को सिर्फ 3.67 फीसदी तक संवर्धित करने पर सहमति जताई थी, जिसका इस्तेमाल उसकी ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से किया जाना था। दरअसल ईरान हमेशा से दावा करता रहा कि उसका परमाणु कार्यक्रम उसकी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए है, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं। वास्तव में उसने यूरेनियम को 20 फीसदी तक संवर्धित करने की क्षमता हासिल कर ली है, जिससे यह संदेह पैदा हुआ है कि उसके पास परमाणु हथियार विकसित करने की क्षमता है। ऐसे में ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रवक्ता के इस दावे को हल्के में नहीं लिया जा सकता कि ईरान किसी भी स्तर पर और कितनी भी मात्रा में य़ूरेनियम संवर्धन  को तैयार है। ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी चाहते हैं कि उनके देश की अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों तेल और धातु को अमेरिकी दबाव से मुक्त किया जाए, मगर वह जो तरीका अपना रहे हैं, उसे भयादोहन ही कहा जाएगा। यह संकट किसस तरह बढ़ रहा है, इसे ऐसे समझा जा सकता है कि ईरान ने समझौते की शर्तें तोड़कर परमाणु कार्यक्रम को आगे बढा़ने की घोषणा रूहानी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के बीच हुई बातचीत के बाद की है, जिससे फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने परमाणु समझौते के निष्प्रभावी होने पर चिंता जताई थी। प्रत्यक्ष तौर पर भारत का संबंध इस समझौते से भले न हो, लेकिन इससे हमारी तेल की आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। वास्तव में इस संकट का समाधान बातचीत से ही निकल सकता है, जिसके लिए अमेरिका को भी अपना रूख बदलने की जरूरत है।

Saturday, July 6, 2019

जय श्रीराम बोलने पे मजबूर किया

गृहमंत्रालय की बेबसाइट पे सार्वजनिक किये गये कश्मीरी अलगाववादियों के नाम तथा उनके बच्चों की विदेश में शिक्षा का विवरण। इस्लामिक जिहाद और आजादी के नाम पे कश्मीरी मुसलमानों को बेवकूफ बना के राष्ट्र विरोधी कार्य कराया जा रहा है।
अब क्योंकि गृहमंत्रालय इनपे सख्त हो गया है और इन अलगाव वादियों की नौटंकी/दुकान बंद कर दी गई है, इसलिये पूरे देश में अब हिंदू मुस्लिम दंगों को भड़काने की सुनियोजित साजिश की जा रही है। ”जय श्रीराम बोलने पे मजबूर किया” ये जुमला भी उसी का भाग है, MEDIA भी इस बेवुनियाद अपवाह को फैलाने में शामिल है।


follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel

Friday, July 5, 2019

काश। समाज नेहा पटेल जैसी और वीरांगनाएं पैदा करता।



उत्साह, उमंग, साहस,त्याग, मानवीयता, हिंदुत्व और देशप्रेम की प्रतिमूर्ति हैं नेहा पटेल। विदेश से अति उच्च शिक्षा प्राप्त नेहा पटेल ने अपना जीवन गौरक्षा और पशुप्रेम को समर्पित कर दिया है। अक्सर जब हम कड़कड़ाती अधेंरी रातों में मखमली रजाई में नींद ले रहे होते हैं उस समय नेहा पटेल गुजरात में अपनी टीम के साथ गौतस्तकों, गौहत्यारों के ट्रक, कार का पीछा कर रही होती है। अनेक बार गौ-पशु-तस्कर, नेहा और उनकी टीम पर हमला भी कर देते हैं। अनेक बार पुलिस मदद करती है, लेकिन अनेक बार नेहा और उनकी टीम को गौ हत्यारों से खुद मोर्चा लेना पड़ता है। लगभग सभी घटनाओं में घायल गौवंश और अन्य पशुओं को तुरंत चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होती है जिसकी नेहा पटेल विशेषज्ञ है। 
अनेक बार गौ-तस्कर गौवंश, मृत गायों और मांस से भरा ट्रक छोड़कर भाग जाते हैं तो नेहा खुद ट्रक चलाकर निकटवर्ती थाने या गौवंश तक इस गौवंश को छोड़कर आती है। नेहा पटेल के साथी अक्सर मौत से दो-चार होते रहते हैं, उनके एक साथी ऐसे ही एक अभियान में जान गवां चुके हैं।
नेहा,सीमा पर खड़े रहकर प्रहरी की तरह ही अपने उद्देश्यो के प्रति सजग है। काश. हर सनातन हिंदू बेटी नेहा को अपना आदर्श मानती। फेसबुक पर चीर चलाते हम जैसे शूरवीरों को भी नेहा पटेल से वहुत कुछ सीखना चाहिए। कोई और देश होता तो नेहा बहन को उस देश का श्रेष्ठतम पुरस्कार मिल चुका होता।
बहन नेहा। आपकी एक-एक खुशी पर मेरी समस्त खुशिंया कुर्बान।।।
(जय हिंदूराष्ट्र-जय श्रीराम)


follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel