Tuesday, May 28, 2019

निशाना मीडिया पर


कर्नाटक पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा के पोते और राज्य के मुख्यमंत्री एच डी कुमारास्वामी के पुत्र निखिल से संबंधित एक खबर के प्रकाशन को लेकर कन्नड अखबार के मालिक-संपादक के खिलाफ, आईपीसी की कई धाराओं के मामला दर्ज किया है, यह प्रेस की स्वतंत्रता पर हमले का एक और मामला तो है ही, इसने एक बार फिर सत्ता के दुरूपयोग को भी उजागर किया है। यह तो एक अलग मुद्दा है ही कि निखिल को सिर्फ पूर्व प्रधानमंत्री का पोता और मुख्यमंत्री का पुत्र होने के नाते ही जनता दल (एस) की ओर से मांड्या लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, जहां वह भाजपा समर्थित निर्दलीयय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश से पराजित हो गए। कन्नड अखबार विश्ववाणी के मुताबिक चुनाव में पराजित होने के बाद कथित रूप से नशे की हालत में निखिल ने एक पांच सितारा होटल में हंगामा किया और अपने दादा के साथ बदतमीजी की। अखबार को मालिक-संपादक विश्वेसर भट्ट का कहना है कि यह आलेख सूत्र के हवाले से प्रकाशित किया गया है और वह इस पर कायम हैं। भूलना नहीं चाहिए कि चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर देवगौड़ा के परिवार में कितनी खिंचतान हुई थी और खबर के मुताबिक निखिल इसलिए नाराज थे, क्योंकि उनके दादा ने कांग्रेस नेताओं का वैसा समर्थन नहीं जुटाया जैसा कि उन्होंने हासन सीट पर उनके चचरे भाई प्रज्जवल रेवन्ना के पक्ष में जुटाया था। वास्तव में कर्नाटक में जद(एस) कांग्रेस गठबंधन को भाजपा के हाथों बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ रहा है, जहां जद(एस) सिर्फ हासन सीट ही जीत सका। कन्नड़ अखबार के खिलाफ कुमारस्वामी सरकार का यह रवैया इसलिए हैरान नहीं करता, क्योंकि चुनाव के नतीजे आने के कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि कथित गैर जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग को नियंत्रित करने के लिए उनकी सरकार एक कानून लाने पर विचार कर रही है। इस पर भी हैरानी नहीं होनी चाहिए कि वह खुद एक खबरिया टीबी चैनल के मालिक हैं। अच्छा होता कि कुमारास्वामी जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन की हार की असली वजहों पर मंथन करते, मीडिया पर हमला कर सच्चाई से ही मुंह फेरने की कोशिश कर रहे हैं, वह भी ऐसे समय , जब उनकी अपनी सरकार का अस्तित्व ंगभीर संकट में है।

Monday, May 27, 2019

पाकिस्तान के बदलते रूख














प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी दूसरी पारी शुरु करने से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को दो टूक कहा है कि क्षेत्र की शांन्ति, प्रगति और समृद्धि के लिए हिंसा और आतंक मुक्त माहौल बनाने के जरूरत है, जिससे उनकी सरकार की प्राथमिकता को समझा जा सकता है। आम चुनाव में मिली सफलता के तुरंत बाद इमरान खान ने पहले मोदी के ट्वीट कर बधाई दी और उसके बाद उन्होंने रविवार को उन्हें फोन भी किया। निश्चित रूप से इमरान खान की यह पेशकदमी एक औपचारिकता ही है, लेकिन 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले के बाद, जिसमें देश के चालीस जवान शहीद हो गए थे, दोनों देशों के शीर्ष स्तर पर यह पहला संवाद है। इम हमले के बाद वायुसेना ने सरहद पर जाकर बालाकोट में आतंकी शिविर को ध्वस्त किया था और उसके बाद से दोनों देशों के रिश्ते न्यूनतम स्तर पर आ गए थे। उसी दौर में भारत के कूटनीतिक दबाव के कारण चीन ने जैश सरगना मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद  से अपनी आपत्ति हटाई। दरअसल पाकिस्तान स् संबंधों के लेकर भारत का नजरिया एकदम स्पष्ट है कि जब तक वह अपनी जमीन से आतंकवाद का संचालन बंद नहीं करता, उसके साथ कोई बात नहीं हो सकती। इस बीच, 21 और 22 मई को किर्गिस्तान के बिश्केक में हुए शंघाई सहयोग संगठन ( एससीओ) में हिस्सा लेने जा रही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विमान को अपनी वायुसीमा से गुजरने की पाकिस्तान ने इजाजत दी, जो भले ही सौजन्यता हो, लेकिन इसमें दोनों देशों के रिश्तों में जमीं बर्फ पिघल सकती है। ध्यान रहे, बालाकोट की कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना आकाश बंद कर रखा है, जिससे भारतीय विमानन कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगले महीने एससीओ की बैठक बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी की इमरान से मुलाकात हो सकती है और यह मौका द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से काफी अहम होगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से कर्ज और अंतरराष्ट्रीय दबाव और विपक्ष की गोलबंदी से घिरे इमरान खान को ही यह तय करना है कि आखिर वह भारत के साथ रिश्ते को कहां ले जाना चाहते है।

Sunday, May 26, 2019

आत्ममंथन का समय


भाजपा और एनड़ीए का नेता चुने जाने के बाद संसद के केन्द्रीय कक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए के नवनिर्वाचित सांसदो को संबोधित करते हुए जो कुछ कहा, उससे स्पष्ट है कि विराट जीत ने उन पर उम्मीदों और जिम्मेदारियों का भारी बोझ डाल दिया है, उसका उन्हें बखूबी एहसास है। इसी कारण उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास' के अपने नारे में 'सबका विश्वास' भी जोड़ा और संविधान की भावनाओं का पालन करते हुए गरीबी खत्म करने और अल्पसंख्यकों का भरोसा जीतने की जरूरत बताई। उन्होंने सांसदों को दिखावे से दूर रहने और सुविधाभोगी बनने या मंत्री पद की प्रत्याशा करने के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने की नसीहत दी। दूसरी बार पहले से ज्यादा मजबूती के साथ चुने जाने के बाद भी नरेन्द्र मोदी के संबोधन मेें गंभीरता और आत्ममंथन का भाव था। अलबत्ता उसी दिन पार्टी के सर्वोच्च नीति निर्धारक मंच कांग्रेस कार्य समिति में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी नें, और सुदूर कोलकाता में बुलाई गई, अल्पकालीन बैठक में तृणमूल प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने-अपने इस्तीफे की जो पेशकश की, वह हार पर आत्ममंथन करने के बजाय खुद को जिम्मेदारी से अलग करने की भावुक कवायद ही ज्यादा थी। ऐसा इसलिए कि न तो कांग्रेस राहुल गांधी को अध्यक्ष पद से हटाने के बारे में सोच सकती है, न ममता के नेतृत्व के बगैर तृणमूल की कल्पना की जा सकती है। राहुल गांधी ने हालांकि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के पुत्रमोह का हवाला दिया,  और यह शिकायत भी की कि चुनाव में पार्टी को वरिष्ठों का वैसा सहयोग नहीं मिला। कार्यसमिति ने उनका इस्तीफा खाऱिज करते हुए उन्हें तमाम जरूरी बदलाव करने को अधिकृत कर दिया है। कांग्रेस के ंलंबे इतिहास में यह लगातार दूसरी बार बदतर पराजय तो है ही, पार्टी एक दर्जन से अधिक राज्यों में खाता नहीं खोल पाई और कांग्रेस कार्यसमिति के ज्यादातर सदस्य चुनाव हार गए। अगर राहुल गांधी पार्टी संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ दूसरे साहसी कदम उठाएं, तभी उनकी संजीदगी का मतलब होगा। ऐसे ही, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को इस्तीफे की पेशकश करने की बजाय आक्रामकता और नकार की राजनीति छोड़नी चाहिए। राज्य में आज अगर उनकी जमीन खिसक रही है, तो इसके लिए वही सबसे ज्यादा जिम्मेदार है।

Friday, May 24, 2019

मोदी पर रायशुमारी


वर्ष 1952 के बाद सबसे उग्रता के साथ लड़े गए 2019 के संसदीय चुनाव के नतीजे से बहुत पहले से ही कई दिग्गज और दूसरी पीढी के नेता, लेखक, शिक्षाविद, पत्रकार आदि प्रधानमंत्री मोदी की विदाई का गीत गा रहे थे। अब जबकि वास्तव में मोदी के नाम पर परोक्ष रूप से हुए 'नेशनल रेफरेंडम' का फैसला आ गया है, कयामत के दिन की भविष्यवाणी करने वाले लोगों को लग रहा होगा कि उन्होंने मोदी की हार का आकलन करने में जल्दबाजी की। जाहिर है,वे जमीनी हकीकत की वास्तविकता को समझने के बजाय अपनी काल्पनिक दुनिया में बह गए। राजनीतिक नेताओं का सच्चे तथ्यों के बजाय अपने चाटुकारों और समर्थकों की तरफ झुकाव ऐसे चौंकाने वाले नतीजे की ओर ले जाता है।
अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, चन्द्रबाबू नायडू, मायावती, राहुल व प्रियंका गांधी और शरद पवार जैसे नेताओं के अलावा एन राम जैसे पत्रकारों ने मोदी की हार के बारे में भविष्यवाणी की। लेकिन अब देखिए कि कैसे ये सब दिग्गज गलत साबित हुए। यह नतीजा उनके बारे में क्या कहता है और नरेन्द्र मोदी व मतदाताओं के बारे में क्या कहता है? क्या ये नेता मतदाताओं के मानस का मूल्यांकन, विश्लेषण करने में विफल रहे और मतदाताओं की प्राथमिकता को नहीं समझ सके? लगता है उन्होंने अपने निष्कर्षों को जनता के ऊपर थोंक दिया और अपनी ही धारणाओं को जनता की धारणा मान ली। तो क्या रोजगार सृजन का संकट, कृषि संकट, बड़े बड़े वादों का पूरा न होना, नोटबंदी का प्रतिकूल असर और जीएसटी के कार्यान्वयन की गड़बड़ियां विपक्षी नेताओं की महज कल्पना थी? क्या इन मुद्दों ने ज्यादातर मतदाताओं के मन को उद्वेलित नहीं किया? अब यह स्पष्ट है कि इन मुद्दों पर मोदी सरकार की आलोचना पूरी तरह से अतिरंजित थी। निश्चित रूप से इन सब चींजों से लाखों लोगों को असुविधा हुई और वे बुरी तरह प्रभावित हुए, लेकिन उनके असंतोष ने तीखी कड़वाहट की सीमा को पार नहीं किया, जैसा कि 1977 में हुआ था, जब असंतुष्ट विपक्षी दलों ने 'इंदिरा हटाओ' के एकमात्र उद्देश्य के लिए हाथ मिलाया था। ऐसा आपातकाल के दौरान बड़े पैमाने पर हुई ज्यादातियों के कारण हुआ था, जिसके लिए जनता इंदिरा गांधी और संजय गांधी को जिम्मेदार मान रही थी। बेशक इस बार भी कई नेताओं ने 'मोदी हटाओ039 का नारा लगाया, पर उसे ज्यादातर मतदाताओं ने नकार दिया, अन्यथा वे मोदी को वोट नहीं देते। मोदी ने सरल शब्दों से इसे खारिज कर दिया-वे कहते हैं, मोदी हटाओ, मैं कहता हूं, देश बचाओ।
असली बात है- भरोसा। मोदी के बड़े-बड़े बादों के पूरा न होने के बावजूद मतदाताओं ने अवसरवादी विपक्ष के गठजोड़ पर भरोसा करने के बजाय मोदी पर भरोसा किया और उन्हें एक और मौका दिया। कई मोर्चों पर विफलता के बावजूद उन्होंने मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल को उदार ढंग से देखा, जो बताता है कि आजमाने और विफल होने की तुलना में बेहतर है कि किसी और को न आजमाया जाय। आत्मविश्वास एक संपत्ति है और यह आपको अपने विरोधी से बेहतर बनने में मदद करता है, लेकिन अपने विरोधी को कमतर और खुद को बढा-चढाकर आंकना खुद को धोखे में रखना है, जो हार का कारण बनता है। राहुत गांधी और मोदी के सभी विरोधियों ने मोदी की वक्तव्य कला, सांगठनिक प्रशासनिक, संप्रेषण कौशल और आकांक्षाओं को पूरा करने की क्षमता को करतर करके आंका, जो भारतीय लोगों के मानस पर एक गहरी पकड़ बनाते हैं। अपने अंतनिर्हित अंतर्विरोधों को खारिज करते हुए उन्होंने न केवल मोदी को हटाने के लिए मतदाताओं को प्ररेति केिया। जाहिर है, अधिकांश मतदाताओं ने उनके तर्क को नहीं माना।
 राहुल गांधी राफेल सौदे की बहुत चर्चा की, बेशक कुछ लोगों को संदेह होगा कि इसमें कुछ पैसे किसी को मिले होंगे, लेकिन कोई भी यह नहीं जानता कि इसमें कुछ पैसे मोदी की जेब में गए होंगे। लाखों ग्रामीण मतदाता राफेल के बारे में जानते तक नहीं। रोजमर्रा के जीवन में सरकारी एजेंसियों द्वारा जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार उन्हें ज्यादा प्रभावित करता है। 'चौकीदार चोर है' का नारा लोगों को अच्छा नहीं लगा। बेशक का्ंग्रेस की रैली में राहुल के समर्थकों ने इस पर अनुकूल प्रतिक्रिया दी हो, लेकिन शेष लोगों ने इसका प्रतिकार किया होगा। क्या मोदी की जीत यह बताती है कि समाज में बढ़ता विभाजन, विरोधी विचारों के प्रति असहिष्णुता, कट्टर बहुसंख्यकवाद,कानून हाथ में लेना, राष्ट्रीय संस्थानों पर नियंत्रण, हिंदुत्व का प्रचार, राष्ट्रवाद का आह्वान सभी झूठी खबरें हैं?  क्या यह आज के भारत की मनोदशा को दर्शाता है?
खैर, इस बीच राहुल एक ऊर्जावान, मुखर और साहसी नेता के रूप में उभरे हैं, जो अपने कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर सकते हैं। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और बिहार में हार उन्हें ईमानदार आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करेगी। वह भविष्य में अपनी पार्टी को एक मजबूत विपक्ष बना सकते हैं। उन्हें चाटुकारों से छुटकार पाना चाहिए और जमीन पर लोगों से जुड़ना चाहिए। प्रियंका एक प्रतिष्ठित  और विनम्र प्रचारक हैं, जो कांग्रेस को पुनर्जीवित करने में मदद कर सकती हैं। मायावती और अखिलेश ने गठजोड़ करके राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया, दुर्भाग्य से शीर्ष नेताओं की इस खुशमिजाजी को जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने नहीं स्वीकारा। इन दोनों को गठबंधन को जारी रखना चाहिए और विधानसभा चुनाव की तैयारी करना चाहिए। ममता को यह झटका तो लगना ही था, वह एक जननेत्री है, वह खुज कानून नहीं हो सकतीं। भ्रष्टाचार के आरोप एवं गुंड़ों के इस्तेमाल ने उनकी छवि धूमिल कर दी। मोदी एक अनूठे  राजनेता हैं, 2014 में वह लाखों लोगों की उम्मीदों पर सवार होकर सत्ता में आए थे। पिछले वर्ष मैंने अपने लेख में लिखा था कि उन्होंने आजादी के बाद के सभी प्रधानमंत्रियों से ज्यादा जनहितैषी योजनाएं शुरू की है। अगर उनमें से 60 फीसदी भी पूरी तरह से लागू हो गईं तो भारत बदल जाएगा। अब जनता ने दोबारा मौका दिया है, उन्हें राष्ट्र निर्माण के अधूरे काम को पूरा करना चाहिए। अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद मोदी को विपक्षी पार्टियों के विरोधी विचारों पर भी ध्यान देना चाहिए। भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में वसुधैव कुटुम्बकम, सर्व धर्म सम्भाव और सबका साथ सबका विकास किसी भी शासक के लिए राजधर्म होना चाहिए।

Thursday, May 23, 2019

आगे का रास्ता


नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा और एनडीए को आम चुनाव में लगातार दूसरी बार मिली असाधारण जीत भारतीय राजनीति संदर्भ के दुर्लभ क्षणों में से  एक है, जिसने दिखा दिया कि देश की जनता का न केवल उन पर भरोसा कायम है, बल्कि वह उनकी ओर पहले से कहीं अधिक उम्मीद से देख रही है। वह सबका साथ सबका विकास के वादे के साथ सत्ता में आए थे, जिसकी थाह पाने में कांग्रेस, सपा और बसपा सहित तमाम विपक्षी दल विफल रहे हैं, क्योंकि वे अपने राजनीतिक खांचों के आंकड़े के करीब हैं, तो इसके पीछे नरेन्द्र मोदी का करिश्मा है, जो साहसिक फैसले लेने से नहीं हिचकते। फिर वह आर्थिक मोर्चों पर नोटबंदी या जीएसटी लागू करने का मामला रहा हो या सामाजिक मोर्चों पर किसानों को सालाना छह हजार रूपये की मदद या फिर राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में सरहद पार जाकर आतंकी शिविरों पर हवाई हमले की मंजूरी। दरअसल इतनी बड़ी जीत के बाद उनके सामने चुनौतियां भी कम नही ंहैं। उज्जवला, जनधन जैसी योजनाओं ने एक बड़ी आबादी में विश्वास पैदा किया, लेकिन रोजगार के मोर्चे पर अब भी काफी हताशा है। मंहगाई को नियंत्रित करने में सरकार सफल रही है, मगर खपत और खर्च बढाए बिना अर्थव्यवस्था को गति नहीं मिल सकती। भारत मध्य आय वाला देश (प्रति व्यक्ति 2,000 डॉलर सालाना आय) बनने के करीब है, जिसमें नया आकांक्षी वर्ग उभर रहा है, तो दूसरी ओर हाल के वर्षों में कृषि क्षेत्र में भारी हताशा देखी गई है। इन दोनो के बीच संतुलन बनाने की जरूरत होगी। मोदी सरकार ने पिछली बार स्मार्ट सिटी पर काम तो शुरू किया, मगर उसके सार्थक नतीजे सामने नहीं आए, जबकि दुनिया की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बनते भारत में शहरीकरण में तेजी लाने की जरूरत है। चीन के शहरीकरण की दर 59 फीसदी है, जबकि भारत में 34 फीसदी। देश में कारोबारी सुगमता बढ़ी है, मगर इसके साथ ही नई सरकार को बैंकिंग  सुधारों की प्राथमिकता में रखना होगा। नतीजे आने के साथ ही मुंबई शेयर बाजार के सूचकांक ने पहली बार चालीस हजार का आंकड़ा पार कर बाजार के उत्साह को रेखांकित किया है, इसे बरकरार रखने के लिए निवेशकों का विश्वास जीतना जरूरी है। जीत के बाद मोदी ने समावेशी और समृद्ध भारत के निर्माण की बात कही हैै, उम्मीद करनी चाहिए कि उनकी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ेगी, आगे का रास्ता उनके अनुकूल है।

Wednesday, May 22, 2019

पूर्वोत्तर की चुनौती


अरूणाचल प्रदेश के तिरप जिले में विधायक टिरोंग अबो की परिवार और सुरक्षाकर्मियों समेत की गई हत्या केवल इसलिए चिंतित करने वाली नहीं है कि पूर्वोत्तर में लंबे समय बाद नगा उग्रवादियों ने ऐसी हिंसा को अंजाम दिया, बल्कि यह घटना इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि चुनावी साल में अरूणाचल प्रदेश के इस इस अशांत जिले में दो महीने में दो राजनीतिक हत्या उग्रवादियों की बढती पैठ का सबूत है। उग्रवादियों ने टिरोंग को चार गाड़ियों के काफिले को रूकवाकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जो उनके दुस्साहस का प्रमाण है। पिछले ही साल पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल से कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी में आए टिरोंग की छवि एक ईमानदार और सख्त राजनेता की थी, जो उग्रवादियों के खिलाफ थे, और इसलिए पिछले दो चुनावों यानी 2009 और 2014 में भी वह उग्रवादियों के निशाने पर आए थे। इस साल भी नगा उग्रवादियों ने उन्हें चुनाव लड़ने से मना  किया था। लेकिन टिरोंग नहीं माने, जिसका नतीजा मार्च में उनके एक समर्थक और अब परिवार व सुरक्षाकर्मियों समेत उनकी हत्या के रूप में सामने आया है। यह सूचना तो पहले से ही थी कि म्यांमार की सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के कारण वहां शरण लिए हुए पूर्वोत्तर के एकाधिक उग्रवादी संगठनों की हाल के दौर में पूर्वोत्तर में मौजूदगी बढ़ी है। तिरप सहित अरूणाचल के तीन जिलों में उग्रवादियों की गतिविधि इसलिए भी अपेक्षाकृत अधिक बताई जा रही है, क्योंकि ये जिले असम, नागालैंड़ और म्यांमार की सीमा से लगे हुए हैं। इसके बावजूद टिरोंग की हत्या में एनएससीएन (आईएम) गुट का हाथ बताया जाना चौंकाने वाला है, क्योंकि बह हाल-हाल तक केन्द्र सरकार के साथ शांन्ति वार्ता में  शामिल रहा है। उसके प्रवक्ता ने इस हत्याकांड़ में अपनी लिप्तता की जानकारी न होने की जैसी बात कही है, उससे भी संदेह पैदा होता है  कि इसे सचमुच एनएससीएन (आईएम) गुट ने ही अंजाम दिया है या दूसरे किसी उग्रवादी संगठन ने। इस बारे में सच्चाई देर-सबेर तो सामने आएगा ही, अलबत्ता चुनाव नतीजा आने से ठीक दो दिन पहले अरूणाचल में इस हत्याकांड को अंजाम देकर उग्रवादियों ने केन्द्र की सत्ता में आने वाली नई सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती तो पेश कर ही दी है।

Sunday, May 19, 2019

चुनावी नतीजे का समय


जिस दिन की प्रतीक्षा महीनों से थी, वह इस सप्ताह आने वाला है। इसी सप्ताह हम जान जाएंगे कि मोदी सरकार एक बार फिर बनेगी कि नहीं। यह वह समय है, जब हम राजनीतिक पंडित देश भर में घूम-घामकर वापस दिल्ली लौट आते हैं और चुनाव अभियान का फुरसत में विश्लेषण करने बैठते हैं। सो यह लिखने से पहले ऐसा मैने भी किया। कॉफी का प्याला अपने बगल में रखा और पिछले दो महीनों के अखबारों के संपदकीय पढने लगी। यू-ट्यूब पर कामदार और नामदार(भाई-बहन) के भाषण सुने। फिर उस गठबंधन के आला नेताओं के भाषण सुने, जिसको मोदी महामिलावट कहते हैं। ऐसा करने के बाद लगा, जैसे चुनाव आयोग ने आम चुनाव को इतना लंबा घसीट कर अन्याय किया।
ऐसा इसलिए कहती हूं, क्योंकि शुरू में असली मुद्दे सबने उठाने के प्रयास किए थे। विपक्ष की तरफ से बेरोजगारी और किसानों की समस्य़ाओं की बातें हुई थी। विकास, सुरक्षा और गरीबी हटाने के सफल प्रयासों के मुद्दे नरेन्द्र मोदी और उनके साथियों ने उठाए। इन बातों के बीच ही पुलवामा का वह आत्मघाती हमला और इसके बाद बालाकोट पर भारत का जवाबी हमला हुआ। कुछ हफ्ते यही बातें चलीं। इस दौरान मेैं जब राजस्थान गई, तो ऐसा लगा, जैसे इस चुनाव में देश की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर रहेगा। उन दिनों मोदी की प्रशंसा जगह-जगह सुनने को मिली।
इसके कुछ सप्ताह बाद जब मैं उत्तर प्रदेश गई, तो पाया कि मुख्य मुद्दा बदल कर फिर से आर्थिक हो गए थे। मथुरा चुनाव क्षेत्र में मुसलमानों की बातें की, तो मोदी सरकार की सिर्फ आलोचना सुनी। भी़ड़ द्वारा की गई लिचिंग की घटनाएं मुद्दा थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में उतना ही बड़ा मुद्दा यह भी थी कि जिन व्यवसायों में मुसलमान काम करते हैं, उनको तकरीबन बंद कर दिया गया है। जो कभी पशुपालन से गुजारा करते थे या चमड़ा या मांस उद्योग में काम करते थे, वे अब मजदूरी करते हैं। हिंदू किसान भी परेशान है, क्योंकि अब बूढी गाएं बेची नहीं जाती, सो भूखी, आवारा गांए फसल बर्बाद कर रहीं है। अगले प्रधानमंत्री के लिए यह बहुत बडी समस्या बन सकती है। समाधान ढूंढना मुश्किल हो गया है, क्योंकि गोरक्षकों को अब कौन रोक सकता है? 
इसके बावजूद यह कहना जरूरी है कि मैंने अपने चुनावी दौरों में सौ से ज्यादा लोगों से बातें की होंगी और उनमें दस से भी कम ऐसे लोग मिले होगें, जिन्होंने मोदी की आलोचना की। अधिकतर ऐसे लोग मिले, जिन्होंने बेझिझक कहा कि वे मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। जिनको झिझक थी, वे स्पष्ट कर देते थे कि मोदी ने अपने सारे वादे तो पूरे नहीं किए हैं, फिर भी राहुल गांधी से अच्छे हैं, सो उनका वोट मोदी को मिलेगा। मोदी की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण हैं कि मतदाता देख चुके हैं कि वह दिन रात दैश की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, अपने परिवार की भलाई के लिए नहीं।
कुछ ही दिनों में पता लग जाएगा कि प्रधानमंत्री निवास में किसका प्रवेश होगा। काश कि वह दिन हम कुछ घंटों में ही ला सकते। यह चुनाव इतना लंबा चला है कि अगली बार चुनाव आयोग को कोई ऐसा उपाय ढूंढना होगा, जिससे  इतना लंबा चुनाव अभियान फिर से बर्दाश्त न करना पड़े। इतने लंबे चुनाव अभियान से नुकसान राजनीतिज्ञों का इतना नहीं हुआ है, जितना देश का हुआ है। चुनाव आयोग को अगली बार कम दिनों में आम चुनाव को समाप्त करने का प्रयास करना होगा।

Friday, May 17, 2019

चुनाव प्रचार बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस


सांतवे व अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थम जाने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की प्रेस कांन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी अगर आश्चर्यजनक थी, तो इसलिए कि अपने पूरे कार्यकाल में उन्होने कभी प्रेस कॉन्फेंस नहीं की। अपनी बनाई हुई इस परंपरा को उन्होने जिस तरह अंत-अंत तक बरकरार रखा, वह उतना ही देखने लायक है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होने भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ केन्द्र की सत्ता में वापस लौटने का दावा किया, जो उनके आत्मविश्वास का ही सूचक था। आम चुनाव के दौरान अपनी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी अध्यक्ष ने सरकार के पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करने के साथ-साथ भाजपा के तीन सौ से अधिक सीटों के साथ केन्द्र की सत्ता में लौटने की बात कही। पत्रकारों की उत्सुकता अलबत्ता इसमें थी कि साध्वी द्वारा नाथूराम गोड़से पर की गई टिप्पणी पर भाजपा नेतृत्व क्या फैसला लेता है, क्योंकि गोड़से को देशभक्त बताया जाना अत्यंत कर्कश ढंग से लड़े गए इस चुनाव के अंत में गरिमा हीनता का चरम था, जिसमें राष्ट्रपिता तक को नहीं बख्शा गया। साध्वी के उस बयान से अतिशय नाराज प्रधानंमंत्री ने पत्रकारों के बिच भले इस पर कोई टिप्पणी न की हो, लेकिन साध्वी को दिए गए कारण बताओ नोटिस से स्पष्ट है कि भाजपा ने इसे गंभीरता से लिया है। हालांकि साध्वी प्रज्ञा को चुनाव लड़ने के भाजपा के फैसले को सही ठहराते हुए अमित शाह ने यह संदेश जरूर दिया है कि उनकी पार्टी इस मामले में विपक्ष के हमले से दबने वाली नहीं है। ठीक उसी समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस पर संतोष व्यक्त किया कि पूरे पांच साल उनकी पार्टी ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका का निर्वाह किया। हालांकि कांग्रेस की संभावनाओं के बारे में सीधे-सीधे कुछ कहने से वह बचते दिखे, जिसे समझा जा सकता है, क्योंकि यह चुनाव कांग्रेस के लिए ज्यादा ही चुनौतीपूर्ण है। चुनाव प्रचार खत्म हो जाने के बाद दो छोरों पर खड़ी देश की दो मुख्य राजनीतिक पार्टियां ने अपने आखिरी संवाददाता सम्मेलनों में जिस संजीदगी के साथ अपनी बात रखी, वह आश्वस्त करने वाली तो थी ही, दोनों दल अंत-अंत कर अपने रूख पर जिस तरह कायम रहे, वह भी उतना ही महत्वपूर्ण था।

Thursday, May 16, 2019

चुनावी शोर में दबीं चुप्पियां


इस चुनाव में बहुत शोर मच रहा है। इस बहुत ही लंबे चुनाव अभियान में बहुत शोर मच रहा है। इस शोर में बहुत कुछ सुनाई नहीं पड़ रहा है। जैसे झारखण्ड में भूखे बच्चे मिट्टी खाकर मर गए। उनके मां-बाप का विलाप कहीं सुनाई नहीं पड़ रहा। इसी शोर में एक बच्ची को कुत्तों नें काट-काटकर मार ड़ाला, लेकिन उसकी चीख कोई सुन ही नहीं रहा। ऐसे ही पता नहीं, कितनी  चीखें, कितना विलाप चुनाव के इस शोर में पिछले दो महींनों से चल रहे शोर में अनसुना रह गया।
लेकिन अस्पताल के बिस्तर पर पड़ी हुई एक महिला की बहुत ही दबी आवाज में कही गई एक बात सिर्फ सुनाई ही नहीं दे रही, बल्कि लगातार सुनाई देती चली आ रही है। वह महिला बहुत बुरी तरह से जली हुई है। उसने खुद ही अपने शरीर में आग लगाई। वह भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश हापुड़ जिले के एक थाने के सामने। उस महिला की कहानी बड़ी ही दर्दनाक है। उसको उसके घरवालों ने एक आदमी के हाथ बेंच दिया था। उस आदमी ने उसे कुछ लोगों के घरों में काम करने के लिए भेजा। उन सबने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ बलात्कार किया। लगातार किया और सबने मिलकर भी किया। वह महिला कई बार उन लोगों के खिलाफ शिकायतें लिखवाने के लिए थाने में भी गई, लेकिन उसकी बात किसी नें नहीं सुनी। आखिर में मुक्ति पाने के लिए उसने थाने के सामने ही अपने ऊपर तेल डालकर आग लगा ली। 
देखते ही देखते थाने में हडबडाहट मच गई। आनन-फानन में उस महिला को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां उसका बयान लिया गया और फिर अपार दुखों से भरी उसकी दास्तान सामनेे आई। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष नें इस मामले मेे तुरंत हस्तक्षेप किया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सूचित किया। उसके बाद ही न्याय प्रक्रिया की शिथिल पड़ी व्यवस्था कुछ हरकत में आई।
ठीक इसी चुनाव दौर में राजस्थान के अलवर में एक दलित महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। वह घटना भी उतनी ही दर्दनाक है और प्रशासन व्यवस्था की कमी को उजागर करती है। वह महिला अपने पति या साथी के साथ स्कूटर पर बैठकर कहीं जा रही थी कि रास्ते में खड़े छह लोगों ने स्कूटर रूकवाया और दोनों को पीटा। उसके बाद उन लोगों ने उस महिला के साथ तीन घंटे तक बलात्कार किया और उसका वीडियो भी बनाया। उस घटना के दो दिन बाद पीड़ित युवक थाने में रपट लिखवाने के लिए गया। लेकिन चुनाव की व्यस्तता की बात कहकर उसकी रपट पांच दिन बाद लिखी गई। और एक सप्ताह के बाद आरोपिय़ों की गिरफ्तारियां हुई। 
पीडित पक्ष की आवाज दबी ही रही, लेकिन मामला चुनावी मुद्दा बन गया। बसपा अध्यक्ष मायावती ने इस हादसे का जिक्र किया, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी चुनावी भाषणों में इस मामले को बड़े ही मार्मिक तरीके से पेश किया और मायावती को राजस्थान की कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस लेने की सलाह दी। चुनाव भी कैसे बंद जुबान खोल देता है। जम्मू के कठुआ में हुए हादसे पर चुप्पी। दिल्ली में हर चार घंटे में हो रहे एक बलात्कार पर चुप्पी। हापुड़ की उस जली हुई महिला पर चुप्पी। इतनी सारी चुप्पियां अलवर की वीभत्स घटना से क्यों टूंटी, यह फैसला कब और कौन करेगा?  अभी तो केवल दिल्ली के अस्पताल में पड़ी जली हुई महिला की बात कानों में गूंज रही हैृ- अच्छा हुआ, मैं जल गई। अब कोई मेेरे साथ बलात्कार तो नहीं करेगा। 

Wednesday, May 15, 2019

बेकाबू बंगाल


पश्चिम बंगाल में हर चरण में हुई हिंसा वहां राजनीति के हिंसक चरित्र को बताती ही है, लेकिन आखिरी चरण से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड़ शो में हुई भीषण हिंसा और 19वीं सदी के प्रख्यात समाज सुधारक ईश्वरचंन्द्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण होने के साथ साथ घोर निदंनीय भी है। स्थिति वहां तक पहुंच गई है कि चुनाव आयोग को वहां हस्तक्षेप कर प्रचार में तय अवधि से चौवीस घंटे की कटौती करने के साथ-साथ राज्य के प्रधान सचिव ग्रह और एडीजी-सीआईडी को तत्काल प्रभाव से हटा देना पड़ा है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए बडा झटका है। हालांकि इससे पहले विद्यासागर की मूर्ति तोडने को आधार बनाकर न केवल तृणमूल ने, बल्कि माकपा ने भी विरोध प्रदर्शन किया। स्त्री शिक्षा और दूसरे सामाजिक सुधार के लिए विद्यासागर वैसे ही पश्चिम में पूजे जाते हैं। तिस पर इसी साल विद्यासागर की दो सौ वीं जयंती है और टेलीविजन पर आ रहे एक बांग्ला धारावाहिक रानी रसमनि ने विद्यासागर को इस समय बेहद प्रासंगिक बना दिया है। तृणमूल ने शुरूआत से ही हिंसा के अलावा भाजरा को बाहरी बताकर तथा उसके नेताओं की रैलियां रोककर अपनी हताशा का सबूत दिया । यहां तक कि ममता की मीम बनाने की सजा भाजपा से जुडी एक लड़की को जिस तरह मिली, कम से कम एक लोकतंत्र में उसकी उम्मीद नहीं की जा सकती। अमित शाह के रोड़ शो में हुई हिंसा भी ममता सरकार की निष्क्रियता का ही प्रमाण है। इस रोड़ शो में दोनो तरफ से हिंसा होने की पूर्वसूचना पुलिस को थी, इसके बावजूद पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं थी। बेहद संवेदनशील माने जाने वाले विद्यासागर कॉलेज में पुलिस की उपस्थिति तो दूर, तृणमूल छात्र परिषद के युवा कॉलेज के भीतर से शाह के काफिले पर पत्थर, बोतल और डंडे फेंक रहे थे। अलबत्ता भाजपा ने भी वहां वैसी ही जबावी हिंसा का परिचय दिया है । बल्कि अभी तक चुनाव आयोग को विपक्ष के हमले से बचाती भाजपा के अध्यक्ष ने निष्क्रियता के लिए आयोग की जिस तरह आलोचना की, वह भाजपा की हताशा के बारे में ही बताता है। पश्चिम बंगाल का चुनावी नतीजा चाहे जो भी हो, यह शीशे की तरह साफ है कि इस राज्य को राजनीतिक हिंसा की कुसंस्कृति से मुक्त करने की लडाई अभी  बहुत लंबी है।

Tuesday, May 14, 2019

यह लंबी ल़ड़ाई है


सत्रहवीं लोकसभा के चुनावों के सांतवे और आखिरी चरण का नामांकन खत्म होने के साथ ही साफ हो गया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उठाए गए कदनों का प्रभावी असर नहीं हुआ है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) के मुताबिक, लोकसभा की 543 सीटों के लिए आठ हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं और इनमें से 1,500 यानी करीब 19 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। चिंता की बात यह है कि इनमें से करीब 1,070 उम्मीदवारों यानी 13 फीसदी के खिलाफ हत्या, बलात्कार, अपहरण, महिलाओं के उत्पीड़न और घृणा फैलाने जैसे संगीन अपराधों में मामले दर्ज हैं। एडीआर ने एक और आंकड़े की ओर ध्यान खींचा है, वह यह है कि इस बार चुनाव लड़ रहे 29 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। दरअसल आपराधिक पृष्ठभूमि और करोड़पति होने के बीच कोई सीधा संबंध भले न हो, मगर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समग्रता में देखने की जरूरत है। चुनाव आयोग ने अपने तई अपराधिक धवि के लोगों को चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की है, मगर जब तक राजनीतिक पार्टियां आगे आकर ठोस पहल नहीं करेेंगे, व्यवहारिक रूप से ऐसा संभव नही होगा। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अनुच्छेद आठ (तीन) के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति को किसी आपराधिक मामले में किसी अदालत ने दो वर्ष या उससे अधिक की सजा सुनाई है, तो वह चुनाव नहीं लड़ सकता, मगर ऐसे लोगों के चुनाव लड़ने पर कोई रोक नहीं है, जिनके खिलाफ अदालत में सुनवाई चल रही है। एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान सितंबर, 2018 में सर्वोच्च अदालत ने कहा था कि जब तक संसद कानून नहीं बनाती वह ऐसे लोगों के चुनाव लड़ने पर रोक नहीं लगा सकता, जिनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं। दूसरी ओर यह हकीकत है कि किसी भी राजनीतिक दल को आपराधिक छवि के लोगों को टिकट देने से गुरेज नहीं है। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए थे कि वे अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अखबारों और टीवी चैनलों पर तीन बार प्रकाशित, प्रसाऱित करेंगे, मगर एनडीआर की रिपोर्ट बताती है कि आपराधिक पृष्ठभूमि के आधे उम्मीदवारों ने ऐसा नहीं किया। जाहिर है, राजनीति को अपराधिकरण से मुक्त करने की जिम्मेदारी संसद की है, मगर यह तभी संभव होगा, जब वहां साफ-सुथरी छवि के ज्यादा लोग पहुंचेंगे।

Monday, May 13, 2019

फैनी का सबक


ओडिशा ने दो दशक में आए सबसे भीषण तूफान फैनी से जनहानि को काफी हद तक कम करने में सफलता पाई, इसके बावजूद वहां अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। तूफान ने जैसा कहर बरपाया उससे राज्य के 14 जिलों में सामान्य जीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। 1999 में आए महाचक्रवात के कारण राज्य में दस हजार लोगों की मौत हो गई थी और उसके बाद राज्य ने आपदा प्रबंधन को लेकर जो कदम उठाए, उसका असर इस बार दिखा है। इसी बजह से रिकॉर्ड 14 लाख लोगों को समय रहते सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया था, मगर फैनी के कारण राज्य में आधारभूत संरचना को जो नुकसान हुआ है, उससे उबरने में लंबा वक्त लगेगा। यह चुनौती कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस तूफान के काऱण राज्य की एक तिहाई आबादी, डेढ करोड़ लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। लाखों मवेशी मारे गए हैं। तूफान के कारण बिजली के हजारों ट्रांसफार्मर, तकरीबन 80 हजार किलोमीटर बिजली की लाइन, पेयजल और संचार की व्यवस्था ठप हो गई। अस्पतास सहित सैंकड़ो सरकारी इमारतों को तो नुकसान पहुंचा ही है, लाखों कच्चे घर तक ढह गए है। अभी तो भुवनेश्वर, पुरी और कटक जैसे शहरों में ही व्यवस्था को सामान्य होने में कई हफ्ते लगेंगे। राज्य को तूफान के कारण पचास हजार करोड़ रूपये के नुकसान का अनुमान है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केन्द्र सरकार से उनके राज्य विशेष दर्जा देने की मांग है, इसके तमाम पहलुओं पर विमर्श किया जा सकता है।

 हालांकि खुद प्रधानमंत्री मोदी ने पटनायक के साथ हवाई दौरा कर राज्य को एक हजार करोड़ रूपये की फौरी मदद देने की घोषणा की थी, पर वह नाकाफी है। इस आपदा ने पिछले वर्ष केरल और उससे पहले जम्मू कश्मीर में आई भीषण बाढ की याद दिला दी, जिसके कारण उन राज्यों में खासा नुकसान हुआ था। ऐसी भीषण प्राकृतिक आपदा से कोई भी राज्य अकेले नहीं निपट सकता, दरअसल प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से उबरने के लिए समग्र रूप से सोचने का समय आ गया है। क्या उम्मीद की जाए कि 23 मई के बाद बनने वाली नई सरकार इस पर प्राथमिकता के साथ विचार करेगी?

Sunday, May 12, 2019

राजनीतिक आईएऩएस विराट और सामंतवाद


पिछले सप्ताह जब नरेन्द्र मोदी ने अपने एक भाषण में कहा कि राजीव गांधी ने नौसेना के आईएनएस विराट का दुरूपयोग किया था, उसी दिन प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री अपनी हर गलती का दोष उनके परिवार पर थोपते हैं। सवाल यह है कि क्या देश के मतदाताओं को नेहरू-गांधी परिवार की सामंतवादी आदतों की याद दिलाना जरूरी नहीं है। क्या यह याद दिलाना जरूरी नहीं  है कि भारतीय लोकतंत्र में एक ऐसा दौर था, जब प्रधानमंत्री परिवार को छुट्टियां मनाने नौसेना के जहाजों पर लक्षद्वीप लेकर जाया करते थे?
  मुझे गांधी परिवार की वह छुट्टियां याद हैं। याद है कि उनके साथ कौन कौन गए थे। यह भी याद है कि हम पत्रकार उन दिनों देश के इस अति शक्तिशाली राजपरिवार के इतने गुलाम थे कि देश भर में शायद ही कोई पत्रिका थी, जिसने उस छुट्टी की आलोचना करने की हिम्मत दिखाई हो।
 दोष हम पत्रकारों का तो था ही, लेकिन वह दौर ही कुछ ऐसा था कि बहुत कम लोग थे, जिनको लोकतंत्र में सामंतवाद की इस नकारात्मक मिलावट का ध्यान था।
 अच्छा है कि देश की राजनीति अब बदल गई है और प्रधानमंत्री निवास में एक चायवाले का बेटा विराजमान है, जिसने कभी छुट्टियां नहीं ली। मोदी ने आईएऩएस विराट का जिक्र क्या किया कि सोशल मीड़िया पर तस्वीरें दिखने लगीं, जिनमें दिखाया गया कि किस तरह पंड़ित नेहरू ने कभी अपनी बेटी और नवासों को भी नौसेना के एक लड़ाकू जहाज पर घुमाया था। मुझे लोगों ने लेख भेजे हैं, जिनमें आईएऩएस विराट का पूरा वर्णन दिया गया है और यह भी लिखा गया है कि इस किस्म के लड़ाकू जहाज पर विदेशियों के होने पर प्रतिबंंध है। राजीव गांधी के मेहमानों में सोनिया के इतालवी रिश्तेदार भी लक्षद्वीप में छुट्टी मनाने गए थे। मुझे एक और लेख मिला, जिसमें खर्च और पूरे प्रबंध के बारे में विस्तार से बताया गया है।
 इन दोनों लेखों को पढ़कर मेैं हैरान रह गई। लेकिन मेरे अधिकतर पत्रकार बंधुओं में गुलामी की भावना या नरेन्द्र मोदी के लिए नफऱत अब भी बै। बहुत कम लोग हैं, जिन्होंने गांधी परिवार की सामंतवादी आदतों के बारे में लिखा है। उलटे कइयों कहा है कि मोदी गांंधी परिवार पर कीचड़ सिर्फ इसलिए उछाल रहे हैं, क्योंकि वह अपनी सरकार की गलतियों से ध्यान हटाना चाहते हैं।
 चलिए मान लिया जाए कि मोदी अपनी सरकार की खामियां छिपाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रहे हैं। लेकिन क्या हमें यह स्वीकार नहीं करना चाहिए कि इस तरह के मुद्दे जितने उठते हैं, उतना ही अच्छा है, क्योंकि इससे लोकतंत्र मजबूत होता है?  निजी तौर पर मेरा मानना है कि लोकतंत्र में जब भी सामंतवाद की बू आने लगती है, उस पर फौरन ध्यान आकर्षित करना चाहिए।
मेैं ऐसा मानती हूं, क्योंकि मैंने वे दौर देखे है, जब लोकतंत्र के नाम पर असली सामंतवाद था। हमारा लोकतंत्र अब भी इतना कमजोर है कि पांच वर्ष पूर्व देश के प्रधानमंत्री सोनिया गांधी के सामने सिर्फ इसलिए झुकते थे, क्योंकि वह उस राजपरिवार की बहू हैं, जिन्होंने 1947 से आज तक देश को अपनी जागीर माना है।
उस राजपरिवार के वारिस इस लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं और इतना अहंकार है राहुल गांधी में कि महीनों से वह कहते आए हैं कि प्रधानमंत्री चोर हैं। मोदी ने जब पलटवार कर उनके पिताजी को भ्रष्टाचारी नंबर एक कहा, तो हल्ला मच गया। क्या हमकों पूछना नहीं चाहिए कि ऐसा क्यों होता है?

Friday, May 10, 2019

जेट के जमीन पर आने के बाद


जेट एयरवेज के अचानक बंद हो जाने से इसके कर्मचारियों, कर्जदाताओं यहां तक कि यात्रियों में भी काफी नाराजगी है। भारत की सबसे पुरानी निजी विमानन कंपनी के बंद हो जाने का व्यापक असर इसके कर्मचारियों पर पड़ा है। अनेक लोगों ने इसकी वजह से बड़ी संख्या में नौकरियां खोने और इसके आर्थिक प्रभाव के बारे में चिंता जताई है। पच्चीस साल पहले जब विमानन उद्योग को निजी क्षेत्र के लिए खोला गया था, तबसे यह क्षेत्र काफी हद तक संगठित रहा है। वास्तव में जेट के साथ ईस्ट-वेस्ट एयरालइन नामक विमानन कंपनी ने भी सबसे पहले उडान भऱी थी, मगर इसके प्रबंध निदेशक की हत्या के बाद बंद होने वाली भी यह पहली कंपनी थी। 
                     पिछले पच्चीस वर्षों को दौरान ईस्ट-वेस्ट, दमानिया, मोदीलुफ्त, एमडीएलआर, सहारा, एयर डक्कन, पैरामाउंट. पवन हंस और किंगफिशर जैसी अनेक विमानन कंपनियां शुरू होकर बंद हो गईं। इनमें से कुछ या तो बिक गईं, या फिर उसका किसी बड़ी विमानन कंपनी मेें विलय हो गया, लेकिन एक स्वतंत्र विमानन कंपनी के रूप में उसका अस्तित्व खत्म हो गया। मगर पहले कभी किसी विमानन कंपनी के बंद होने पर इतना शोर-शराबा नहीं हुआ या फिर ऐसी सहानुभूति नहीं जताई गई, जैसा जैट एयरवेज के मामले में देखा जा रहा है। वास्तव में जब किंगफिशर अपना कारोबार समेट रही थी, तब अनेक लोग मजे ले रहे थे कि इसका यह हस्श्र इसके रंगीन मिजाज मालिक विजय माल्या के कारण हुआ। उस समय एयरलाइंस के बंद होने से नौकरियां खत्म होने जैसे मुद्दौं पर आमतौर पर कोई खास चर्चा नहीं हुई थी। बंद होने वाली दूसरी विमानन कंपनियाों की तुलना में जेट के पास कहीं अधिक विमान और कर्मचारी थे, मगर कंपनी के बंद होने पर इन कर्मचारियों के भविष्य को लेकर उनके प्रति उमड़ी सहानुभूति की सिर्फ यही वजह नहीं होनी चाहिए। विमानन क्षेत्र की वृद्धि और मांग की स्थिति ऐसी है कि पायलटों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की हमेश उच्च मांग रहती है। इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हस्तक्षेप के कारण इसके अनेक कर्मचारियों को स्पाइसजेट और इंडिगों एयरलाइंस जैसी कंपनियों ने अपने साथ रख लिया।
               जेट एयरलाइंस में नौकरियों को लेकर उपजी स्थिति से ठीक उलट आईटी(सूचना प्रौद्योगिकी) जैसे क्षेत्र में सबको एक साथ हटाया जाना बहुुत सामान्य है। यहां तक कि स्किल इंडिया पहल के तहत पीएमकेवीआई (प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना) का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा, जहां या तो प्रशिक्षित लोगों को नौकरियां नहीं मिली या फिर ट्रेनिंग एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराई गई नौकरियों से उन्हें जल्दही हाथ धोना पड़ा। यदि कोई मैन्यूफैक्चरिंग हब जाकर देखे, तो वहां प्रशिक्षित फैक्टरी मजदूरों को स्थायी कर्मचारी के बजाय अनुबंध पर रखा जाना बहुत आम है। कर्मचारियों या श्रमिकों को अनुबंध या ठेके पर रखने से कंपनियों के धन की तो बचत होती ही है, पीएफ और ईएसआई जैसी बाध्यताएं भी नहीं रहती। 
              यह दुखद कि असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की तकलीफों की ओर शायद ही ध्यान जाता है या फिर उनकी नौकरियां जाने पर सार्वजनिक तौर पर उनके प्रति समर्थन जताया जाता है, जैसा कि जेट जैसी एयरलाइंस के कर्मचारियों के मामले में अभी देखा जा रहा है। जेट एयरवेज के शीर्ष 70 फीसदी कर्मचारी स्थायी नौकरी पर थे और जिन्हें अन्य लोगों की तुलना में अच्छा वेतन और अन्य सुविधाएं मिल रही थी। अब उनके पास पीएफ, बीमा और मेडिकल बीमा के रूप में कई सुविधाएं उपलब्ध है, इसके विपरीत अनेक कम आकर्षक क्षेत्रों के कर्मशील कर्मचारियों को यह सब उपलब्ध नहीं होता और उन्हें बदतर वित्तीय हालात का सामना करना पड़ता है। जेट कर्मचारियों की आवाज इसलिए भी सुनी जा रही है, क्योंकि उनका अपना संगठन है। इसके विपरीत अनेक क्षेत्रों में, खासतौर से सेवा क्षेत्र में , तो व्यवहारिक रूप में कर्मचारी संगठनों का कोई अस्तित्व ही नहीं बचा है। अनेक क्षेत्र प्रबंधन और कर्मचारियों के स्तर पर अनुबंध पर नौकरियों को अनुकूल पाते हैं, क्योंकि इससे उन्हें यूुनियन का दबाव नहीं झेलना पड़ता। उदाहरण के लिए, आईटी कंपनियों में या वित्तीय सेवा से जुड़े उद्योग में कोई यूनियन नहीं है। बैकों के कर्मचारी संगठन सिर्फ सरकारी बैंकों में है, निजी क्षेत्र में नहीं। 
                                       अनेक संगठन श्रम कानूनों को ताक पर रखकर चल रहे हैं, और यूनियन न होने से कर्मचारी अपनी आवाज भी नहीं उठा सकते। उदाहरण के लिए,. निजी क्षेत्र की सिक्योरिटी एजेंसी को ही देखें, जो ठेके पर गार्डस उपलब्ध कराती है, जिन्हें बेहद खराब परिस्थितियों में मासिक छह हजार से आठ हजार के वेतन पर 12 से 14 घंटे की पाली में काम करना पड़ता है। ये गार्डस कम वेतन या खराब काम के घंटों को लेकर कुछ बोल नहीं सकते। यही स्थिति अनके मैन्यूफैक्चरिंग इकाईयों की है, जहां कर्मचारियों को आठ घंटे से भी अधिक समय तक काम करना पड़ता है और इसके एवज में उन्हें शायद ही कुछ अतिरिक्त लाभ मिलता है। ऐसा लगता है कि कर्मचारियों की संगठित आवाज के अभाव में, प्रबंधन 1950 और 1960 के दशक की फिल्मों में चित्रित मालिक-दास संबंधों की याद ताजा करते हुए अपनी कंपनियों को चलाते हैं।
            जो लोग अभी जेट एयरवेज के बंद होने पर दुख जता रहे हैं और याद कर रहे हैं कि हवाई सफर में इसकी मसाला चाय की कमी महसूस करेंग, जिन्होंने शायद ही कभी कम आकर्षक पेशों की बेहद विकट काम की परिस्थितियों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों की पीड़ा के बारे में लिखा हो। सीवर की सफाई करने वाले कर्मचारियों पर ध्यान तभी दिया जाता है, जब उनकी सीवर में मौत हो जाती है। कुशल और अकुशल कर्मचारियों के प्रति मानक तय करने का समय़ आ गया है, भारत को काम की परिस्थितियों के मानक तय करने चाहिए, ताकि कर्मचारियों को चाहे वे किसी भी क्षेत्र में क्यों न हो, कार्यस्थल पर किसी तरह का भेदभाव का सामना न करना पड़े।

Thursday, May 9, 2019

ट्रंप का दबाव


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल़्ड ट्रंप ने चीन के साथ द्विपक्षीय व्यापार से संबंधित प्रस्तावित अहम बैठक से पहले दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आने वाली वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाने की चेतावनी दी है, जिससे दोनों देशों के बीच रहा गतिरोध और जटिल हो गया है। ट्रंप ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि वह शुक्रवार को चीन से आने वाले 200 अरब डॉलर के सामान पर शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 फीसदी कर देंगे, तो इसके जबाव में चीन ने भी कहा है कि वह जबावी कार्यवाई के लिए तैयार है। दोनों देशों के बीच यह तकरार ऐसे समय में हो रही है जब चीन के उप प्रधानमंत्री लियु वार्ता के लिए अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका में हैं। ट्रंप का साफ कहना है कि चीन के साथ व्यापार में  अमेरिका को सालाना पांच सौ अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर सकते। हालांकि ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिंनपिंग  के बीच पिछले वर्ष दिसंबर में हुई वार्ता मे दोनो देशों के लिए ट्रेड वॉर को रोकने और गतिरोध को दूर करने पर राजी हो गये थे। वरना ट्रंप प्रशासन इस वर्ष पहली जनवरी से ही चीन से आने वाली 200 अरब डॉलर की वस्तुओं पर शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 25 फीसदी करने का ऐलान कर चुका था। अमेरिका का आरोप है कि चीन जानबूझकर वार्ता से पीछे हट रहा है, वहीं चीन का कहना है कि वह अपने हितों के लिए किसी दबाव में नहीं झुकेगा। दरअसल ट्रंप ने 325 अरब डॉलर के अन्य सामान पर भी शुल्क बढाने की चेतावनी दी है,जिससे लगता नहीं है कि कोई भी पक्ष झुकने को तैयार है। 
       दुनिया की शीर्ष दो अर्थव्यवस्थाओं के बीच जारी इस ट्रेड वॉर के व्यापक असर से इनकार नहीं किया जा सकता। वारेन बफेट जैसे दिग्गज निवेशक ने आगाह किया हेै कि अमेरिका और चीन के बीच जारी यह जंग पूरी दुनिया के लिए ठीक नहीं है। जहां तक भारत की बात है, तो उसे सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ईरान से तेल खरीद पर अमेरिकी प्रतिबंध के कारण मुंबई शेयर बाजार सूचकांक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक में पिछले कुछ दिनो से पहले से गिरावट जारी है और अब अमेरिका-चीन के ट्रेड वॉर से इस गिरावट में और तेजी आ सकती है ।

Wednesday, May 8, 2019

वीवीपैट और विपक्ष



पचास फीसदी ईवीएम की वीवीपैट से मिलान कराने के संबंधित विपक्ष की पुर्नविचार याचिका को खारिज कर सर्वोच्च न्यायालय ने इस मुद्दे को कानूनी रूप से तो खत्म कर दिया है, लेकिन राजनीतिक तौर पर यह मुद्दा खत्म नहीं होने वाला। दरअसल शीर्ष अदालत ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विगत आठ अप्रैल को अपने फैसले में विधानसभा के पांच बूथों पर ईवीएम के वीवीपैट से औचक मिलान करने का आदेश दिया था। उसी दौरान कुल 21 विपक्षी दलों ने पचास फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान कराने की मांग करते हुए सर्वोच्च न्यायालय में पुुनर्विचार याचिका दायर की थीय़ हालांकि विपक्ष की यह मांग व्यवहारिक नहीं थी, क्योंकि पचास फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान कराने पर ईवीएम से वोटिंग कराने का कोई मतलब ही नहीं रह जाता । हालांकि सुनवाई के दौरान विपक्षी दल 33 या 25 फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान करने  पर भी राजी थे। जबकि इसमें भी काफी समय लगता, जिससे नतीजे में देरी होती। लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर अगर मुट्ठी भर लोग भी संदेह कर रहे हों, तो उसके निराकरण की कोशिश होनी चाहिए। फिर यह मांग विपक्ष के 21 राजनीतिक दलों ने की, जिसमें कुछ मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री भी थे। आखिर पारदर्शिता की खातिर ही चुनाव आयोग ने इस चुनाव से हर बूथ पर वीवीपैट का प्रावधान किया है। अगर 25 फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान करना अव्यवहारिक है, तो कम से कम 10 फीसदी के मिलान पर तो विचार किया ही जा सकता है, जबकि  अभी यह महज दो फीसदी ही है, जिसे पर्याप्त नहीं माना जा सकता। बेशक ईवीएम के साथ छेड़छाड़ को अभी तक साबित नहीं किया जा सका है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग गलत नही ंहै।
य़ह अच्छा है कि चुनाव आयोग ने कुछ मामलों में विपक्ष की चिंताओं से सहमति जताई है। चूंकि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बहाल करने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर है, लिहाजा बेहतर यही होगा कि आयोग और विपक्ष सहमति के बिंदू तक पहुंचें। विपक्ष द्वारा पारदर्शिता की लड़ाई जारी रखने की बात तो समझ में आती है, लेकिन ईवीएम पर चुनाव आयोग तथा सर्वोच्च न्यायालय के रूख के बाद उसे इस मुद्दे को प्रति्ष्ठा की लड़ाई बनाने से बचना चाहिए।

Tuesday, May 7, 2019

ईरान पर प्रतिबंध से उपजी चुनौती


अमेरिका के ईरान से कच्चे तेल की खरीद पर लगी पाबंदी से मिली छूट दो मई को समाप्त करने के साथ ही चिंता के कई प्रश्न खड़े हो गये हैं। भारत अपनी आवश्यकता का करीब 83 प्रतिशत आयात करता है। प्रतिबंध की घोषणा होने तक भारत कुल तेल आयात का लगभग 26 प्रतिशत ईरान से आयात करता था। हमारे लिए ईराक एवं सऊदी अरब के बाद तीसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता ईरान ही रहा है।
            अमेरिका का सीधा लक्ष्य ईरान के संपूर्ण निर्यात को बंद कराना है। अमेरिका का यह रूख कितना सही है और कितना गलत इस पर दो राय हो सकती है, पर इसके प्रभाव के लेकर नहीं। सरकार कह रही है कि आपूर्तिकर्ता में संभावित कमी के मद्देनजर वैकल्पिक स्त्रोतों की तैयारी कर ली गई है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, इराक और रूस ने भारत को इस तरह का सहयोग करने का आश्वासन दिया है। सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ईरान विरोधी देश है। वे अमेरिका के साथ हैं, इसलिए वे नहीं चाहेंगे कि भारत जैसा बड़ा तेल खरीददार किसी समस्या में फंसे।  दोनों देशों से हमारे संबंध बेहतर हैं। इस सबके अलावा भविष्य को ध्यान में रखते हुए भारत ने पिछले कुछ सालों में कई कदम उठाए हैं। दूसरे देशों के साथ मिलकर कच्चे तेल के बड़े स्तर पर प्रसंस्करण के लिए रिफाइनरी स्थापित हो रही है। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में ऐसा ही एक इंटीग्रेटेड़ रिफाइनरी एंड पैट्रोकेमिकल्स कॉम्प्लैक्स बनाया जा रहा है। यह रिफाइनरी हर दिन 12 लाख बैरल क्रूड ऑयल प्रोसेस करने की क्षमता रखेगी।
     दूसरे देशों पर निर्भर रहने के अलावा अपने स्त्रोंतो को मजबूत बनाने की नीति पर भी भारत काम कर रहा है। इस दिशा में सरकार ने कुछ नीतिगत बदलाव किए हैं। तेल निर्यात का अर्थव्यवस्था से सीधा संबंध होने के कारण और कई प्रश्न हमारे मन में हैं। इनमें सबसे पहला प्रश्न कीमत वृद्धि से जुड़ा है। अगर तेल की कीमतें बढती हैं, तो महंगाई बढ़ेगी, रूपया लुढक सकता है, जिससे भारत को आयात के बदले ज्यादा पूंजी चुकानी होगी और शेयर बाजार भी नीचे आ सकता है, (हालांकि ़डॉलर में मजबूती से निर्यात में लाभ) व्यापार घाटा , राजकोषीय घाटा तेजी से बढ़ेगा और कुल मिलाकर इससे विकास दर प्रभावित होगी। भारत या चीन जैसे देशों की विकास दर गिरने का असर पूरी दुनिया पर होगा। क्या तेल की कीमतों को स्थिर रखना संभव है? अमेरिकी छूट के अंत के साथ अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्च्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं। कच्चे तेल की कीमत पिछले छह महीनों के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच चुकी हैं। खाड़ी में तेल के बडे उत्पादक देशों में सऊदी अरब, इराक और संयुक्त अरब अमीरात ने आपूर्ति बढ़ाने का संकेत दिया है, ताकि कीमतों में कोई उछाल न आए।
     एक बडा प्रश्न ईरान के साथ संबंधों के भविष्य का भी है। भारत का ईरान के साथ सांस्कृतिक-राजनीतिक एवं आर्थिक संबंध काफी गहरे हैं। तेल की भूमिका इसमें छोटी है। भारत ईरान पर पूरी तरह प्रतिबंध के साथ नहीं जा सकता। भारत ने वहां काफी निवेश किया हुआ है। भारत ने वहां चाबहार बंदरगाह विकसित किया है, जिसके साथ सड़क एवं रेल मार्ग विकसित करने सहित कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। चीन से वहां हमारी सीधी प्रतिस्पर्धा है। वही ंअमेरिका भारत को द्विपक्षीय व्यापार करने में ज्यादा मुनाफा देने वाला देश है। इसलिए उसके बिल्कुल विरूद्ध जाना भी घातक होगा। भारत के समक्ष इन दोनों के साथ संतुलन साधने की चुनौती है। 

Monday, May 6, 2019

तूफान पर राजनीति


ओड़िशा के तटीय इलाकों में काफी नुकसान पहुंचाने वाला चक्रवाती तूफान थम गया है, मगर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल की सियासत में इसने हलचल पैदा कर दी है, जहां अभी दो चरणों के चुनाव बाकी हैं,। असल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राज्य में चुनावी रैली में कहा है कि उन्होंने तूफान से उपजे जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को  दो बार फोन किया था, मगर उनकी ओर से कोई जबाव नहीं आया। दूसरी ओर ममता बनर्जी ने भी एक चुनावी रैली में सफाई दी कि वह तूफान के हालात का जायजा लेने के लिए खड़गपुर में थीं, इसलिए प्रधानमंत्री से फोन पर बात नहीं कर सकीं। मगर बात इतनी सरल है नहीं, इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से यह तक कह दिया गया था कि प्रधानमंत्री कार्यालय से मुख्यमंत्री के दफ्तर में कोई फोन ही नहीं आया था।
                                       दरअसल फैनी से संभावित नुकसान को बचाने में ओड़िशा काफी हद तक कामयाब रहा है, इसके बावजूद वहां तीस से अधिक अधिक लोगों की मौत हो गई और सरकारी तथा निजी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ न केवल प्रभावित क्षेत्रों का हवाई जहाज से मुआयना किया, बल्कि एक हजार करोड़ रूपये की केन्द्रीय मदद के अलावा मृतकों के परिजनों के लिए अलग से मदद दिए जाने का भी एलान किया है। यहीं नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की लाखों लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तारीफ भी की। हालांकि यह भी सच है कि ओडिशा में चुनाव हो चुके हैं, और अभी पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान के कहर से प्रभावित सीटों पर मतदान होने हैं। ऐसे में ममता बनर्जी को अपनी पार्टी के हितों की चिंता हो सकती है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में न केवल अपना आधार बढाय़ा है, इस चुनाव से उसे इस राज्य से काफी उम्मीदें हैं। लिहाजा ममता प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साक्षा करने से बचती हैं। इससे पहले उन्होंने आयुष्मान भारत को लेकर भी ऐसा ही रवैया दिखाया था और वह यहां तक कह चुकीं है कि केन्द्र सरकार से कोई फंड नहीं लेगीं। जबकि सांविधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों का तकाजा है कि केन्द्र और राज्य में सत्तारूढ दलों के सियासी हिलों को खासतौर से प्राकृतिक या मानवीय आपदा के समय आड़े नहीं आना चाहिए।

Wednesday, May 1, 2019

मसूद अजहर के बुरे दिन


संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जाना आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत है। पिछले दस साल में मसूद अजहर को वेैश्विक आतंकवादी घोषित करने की भारत की चार कोशिशें सिर्फ चीन के वीटो के कारण विफल हो गईं थीं। चीन आतंकवाद के खिलाफ इस मुहिम पर तकनीकी अडंगा केवल इसलिए नहीं लगाता था कि पाकिस्तान उसका पुराना दोस्त हैं, बल्कि ऐसा वह इसलिए करता था, क्योंकि आर्थिक गलियारे की सुरक्षा के लिए उसे पाकिस्तान का समर्थन चाहिए था। पर पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले ने, जिसकी जिम्मेदारी जैश ने ली, सब कुछ बदल दिया। बेशक चीन ने पुलवामा हमले की निंदा की, पर उसके तुरंत बाद मसूद अजहर को बचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र में चौथी बार वीटो का इस्तेमाल किया, जिसने सुरक्षा परिषद के दूसरे स्थायी सदस्य़ों को नाराज कर दिया।                                 
              फ्रांस द्वारा अपने यहां जैश सरगना पर प्रतिबंध लगाने तथा अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन का संयुक्त राष्ट्र में खुली वोटिंग का विकल्प आजमाने के सख्त संकेत ने चीन को अपना रवैया बदलने पर मजबूर किया। चूंकि सुरक्षा परिषद में चीन को छोड़कर सभी देश मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने कीे भारत की मांग से सहमत थे, ऐसे में चीन लंबे समय तक एक आतंकी सरगना को बचा नही सकता था। पाकिस्तान के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि थोडे ही दिनों पहले इमरान खान ने चीन में शी जिंनपिंग से मुलाकात की थी। लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि बीजिंग अब इस्लामाबाद का साथ देना छोड़ देगा। उसने अपना फैसला बदलने की जो वजह बताई है, उसके पीछे पाक प्रायोजित आतंकवाद का विरोध नहीं, बल्कि मसूद अजहर को बैश्विक आतंकी घोषित करने का मसौदा है, जिस पर रोक लगाने का उसे कोई कारण नहीं दिखा।  इसके बावजूद पाकिस्तान के लिए यह एक संदेश तो है ही कि आतंकवाद के मु्द्दे पर वह लंबे समय तक दुनिया की आंखों में धूल नहीं झोंक सकता। चूंकि अब सुरक्षा परिषद ने मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित कर दिया है, ऐसे मेें, लाजिमी यही है कि पाकिस्तान उसे गिरफ्तार करे, उसकी संपत्ति जब्त करे और उससे जुड़े तमाम संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे।