Thursday, May 23, 2019

आगे का रास्ता


नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा और एनडीए को आम चुनाव में लगातार दूसरी बार मिली असाधारण जीत भारतीय राजनीति संदर्भ के दुर्लभ क्षणों में से  एक है, जिसने दिखा दिया कि देश की जनता का न केवल उन पर भरोसा कायम है, बल्कि वह उनकी ओर पहले से कहीं अधिक उम्मीद से देख रही है। वह सबका साथ सबका विकास के वादे के साथ सत्ता में आए थे, जिसकी थाह पाने में कांग्रेस, सपा और बसपा सहित तमाम विपक्षी दल विफल रहे हैं, क्योंकि वे अपने राजनीतिक खांचों के आंकड़े के करीब हैं, तो इसके पीछे नरेन्द्र मोदी का करिश्मा है, जो साहसिक फैसले लेने से नहीं हिचकते। फिर वह आर्थिक मोर्चों पर नोटबंदी या जीएसटी लागू करने का मामला रहा हो या सामाजिक मोर्चों पर किसानों को सालाना छह हजार रूपये की मदद या फिर राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में सरहद पार जाकर आतंकी शिविरों पर हवाई हमले की मंजूरी। दरअसल इतनी बड़ी जीत के बाद उनके सामने चुनौतियां भी कम नही ंहैं। उज्जवला, जनधन जैसी योजनाओं ने एक बड़ी आबादी में विश्वास पैदा किया, लेकिन रोजगार के मोर्चे पर अब भी काफी हताशा है। मंहगाई को नियंत्रित करने में सरकार सफल रही है, मगर खपत और खर्च बढाए बिना अर्थव्यवस्था को गति नहीं मिल सकती। भारत मध्य आय वाला देश (प्रति व्यक्ति 2,000 डॉलर सालाना आय) बनने के करीब है, जिसमें नया आकांक्षी वर्ग उभर रहा है, तो दूसरी ओर हाल के वर्षों में कृषि क्षेत्र में भारी हताशा देखी गई है। इन दोनो के बीच संतुलन बनाने की जरूरत होगी। मोदी सरकार ने पिछली बार स्मार्ट सिटी पर काम तो शुरू किया, मगर उसके सार्थक नतीजे सामने नहीं आए, जबकि दुनिया की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बनते भारत में शहरीकरण में तेजी लाने की जरूरत है। चीन के शहरीकरण की दर 59 फीसदी है, जबकि भारत में 34 फीसदी। देश में कारोबारी सुगमता बढ़ी है, मगर इसके साथ ही नई सरकार को बैंकिंग  सुधारों की प्राथमिकता में रखना होगा। नतीजे आने के साथ ही मुंबई शेयर बाजार के सूचकांक ने पहली बार चालीस हजार का आंकड़ा पार कर बाजार के उत्साह को रेखांकित किया है, इसे बरकरार रखने के लिए निवेशकों का विश्वास जीतना जरूरी है। जीत के बाद मोदी ने समावेशी और समृद्ध भारत के निर्माण की बात कही हैै, उम्मीद करनी चाहिए कि उनकी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ेगी, आगे का रास्ता उनके अनुकूल है।

No comments:

Post a Comment