Tuesday, May 14, 2019

यह लंबी ल़ड़ाई है


सत्रहवीं लोकसभा के चुनावों के सांतवे और आखिरी चरण का नामांकन खत्म होने के साथ ही साफ हो गया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उठाए गए कदनों का प्रभावी असर नहीं हुआ है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) के मुताबिक, लोकसभा की 543 सीटों के लिए आठ हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं और इनमें से 1,500 यानी करीब 19 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। चिंता की बात यह है कि इनमें से करीब 1,070 उम्मीदवारों यानी 13 फीसदी के खिलाफ हत्या, बलात्कार, अपहरण, महिलाओं के उत्पीड़न और घृणा फैलाने जैसे संगीन अपराधों में मामले दर्ज हैं। एडीआर ने एक और आंकड़े की ओर ध्यान खींचा है, वह यह है कि इस बार चुनाव लड़ रहे 29 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। दरअसल आपराधिक पृष्ठभूमि और करोड़पति होने के बीच कोई सीधा संबंध भले न हो, मगर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समग्रता में देखने की जरूरत है। चुनाव आयोग ने अपने तई अपराधिक धवि के लोगों को चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की है, मगर जब तक राजनीतिक पार्टियां आगे आकर ठोस पहल नहीं करेेंगे, व्यवहारिक रूप से ऐसा संभव नही होगा। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अनुच्छेद आठ (तीन) के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति को किसी आपराधिक मामले में किसी अदालत ने दो वर्ष या उससे अधिक की सजा सुनाई है, तो वह चुनाव नहीं लड़ सकता, मगर ऐसे लोगों के चुनाव लड़ने पर कोई रोक नहीं है, जिनके खिलाफ अदालत में सुनवाई चल रही है। एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान सितंबर, 2018 में सर्वोच्च अदालत ने कहा था कि जब तक संसद कानून नहीं बनाती वह ऐसे लोगों के चुनाव लड़ने पर रोक नहीं लगा सकता, जिनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं। दूसरी ओर यह हकीकत है कि किसी भी राजनीतिक दल को आपराधिक छवि के लोगों को टिकट देने से गुरेज नहीं है। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए थे कि वे अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अखबारों और टीवी चैनलों पर तीन बार प्रकाशित, प्रसाऱित करेंगे, मगर एनडीआर की रिपोर्ट बताती है कि आपराधिक पृष्ठभूमि के आधे उम्मीदवारों ने ऐसा नहीं किया। जाहिर है, राजनीति को अपराधिकरण से मुक्त करने की जिम्मेदारी संसद की है, मगर यह तभी संभव होगा, जब वहां साफ-सुथरी छवि के ज्यादा लोग पहुंचेंगे।

No comments:

Post a Comment