Thursday, May 16, 2019

चुनावी शोर में दबीं चुप्पियां


इस चुनाव में बहुत शोर मच रहा है। इस बहुत ही लंबे चुनाव अभियान में बहुत शोर मच रहा है। इस शोर में बहुत कुछ सुनाई नहीं पड़ रहा है। जैसे झारखण्ड में भूखे बच्चे मिट्टी खाकर मर गए। उनके मां-बाप का विलाप कहीं सुनाई नहीं पड़ रहा। इसी शोर में एक बच्ची को कुत्तों नें काट-काटकर मार ड़ाला, लेकिन उसकी चीख कोई सुन ही नहीं रहा। ऐसे ही पता नहीं, कितनी  चीखें, कितना विलाप चुनाव के इस शोर में पिछले दो महींनों से चल रहे शोर में अनसुना रह गया।
लेकिन अस्पताल के बिस्तर पर पड़ी हुई एक महिला की बहुत ही दबी आवाज में कही गई एक बात सिर्फ सुनाई ही नहीं दे रही, बल्कि लगातार सुनाई देती चली आ रही है। वह महिला बहुत बुरी तरह से जली हुई है। उसने खुद ही अपने शरीर में आग लगाई। वह भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश हापुड़ जिले के एक थाने के सामने। उस महिला की कहानी बड़ी ही दर्दनाक है। उसको उसके घरवालों ने एक आदमी के हाथ बेंच दिया था। उस आदमी ने उसे कुछ लोगों के घरों में काम करने के लिए भेजा। उन सबने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ बलात्कार किया। लगातार किया और सबने मिलकर भी किया। वह महिला कई बार उन लोगों के खिलाफ शिकायतें लिखवाने के लिए थाने में भी गई, लेकिन उसकी बात किसी नें नहीं सुनी। आखिर में मुक्ति पाने के लिए उसने थाने के सामने ही अपने ऊपर तेल डालकर आग लगा ली। 
देखते ही देखते थाने में हडबडाहट मच गई। आनन-फानन में उस महिला को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां उसका बयान लिया गया और फिर अपार दुखों से भरी उसकी दास्तान सामनेे आई। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष नें इस मामले मेे तुरंत हस्तक्षेप किया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सूचित किया। उसके बाद ही न्याय प्रक्रिया की शिथिल पड़ी व्यवस्था कुछ हरकत में आई।
ठीक इसी चुनाव दौर में राजस्थान के अलवर में एक दलित महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। वह घटना भी उतनी ही दर्दनाक है और प्रशासन व्यवस्था की कमी को उजागर करती है। वह महिला अपने पति या साथी के साथ स्कूटर पर बैठकर कहीं जा रही थी कि रास्ते में खड़े छह लोगों ने स्कूटर रूकवाया और दोनों को पीटा। उसके बाद उन लोगों ने उस महिला के साथ तीन घंटे तक बलात्कार किया और उसका वीडियो भी बनाया। उस घटना के दो दिन बाद पीड़ित युवक थाने में रपट लिखवाने के लिए गया। लेकिन चुनाव की व्यस्तता की बात कहकर उसकी रपट पांच दिन बाद लिखी गई। और एक सप्ताह के बाद आरोपिय़ों की गिरफ्तारियां हुई। 
पीडित पक्ष की आवाज दबी ही रही, लेकिन मामला चुनावी मुद्दा बन गया। बसपा अध्यक्ष मायावती ने इस हादसे का जिक्र किया, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी चुनावी भाषणों में इस मामले को बड़े ही मार्मिक तरीके से पेश किया और मायावती को राजस्थान की कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस लेने की सलाह दी। चुनाव भी कैसे बंद जुबान खोल देता है। जम्मू के कठुआ में हुए हादसे पर चुप्पी। दिल्ली में हर चार घंटे में हो रहे एक बलात्कार पर चुप्पी। हापुड़ की उस जली हुई महिला पर चुप्पी। इतनी सारी चुप्पियां अलवर की वीभत्स घटना से क्यों टूंटी, यह फैसला कब और कौन करेगा?  अभी तो केवल दिल्ली के अस्पताल में पड़ी जली हुई महिला की बात कानों में गूंज रही हैृ- अच्छा हुआ, मैं जल गई। अब कोई मेेरे साथ बलात्कार तो नहीं करेगा। 

No comments:

Post a Comment