Sunday, May 26, 2019

आत्ममंथन का समय


भाजपा और एनड़ीए का नेता चुने जाने के बाद संसद के केन्द्रीय कक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए के नवनिर्वाचित सांसदो को संबोधित करते हुए जो कुछ कहा, उससे स्पष्ट है कि विराट जीत ने उन पर उम्मीदों और जिम्मेदारियों का भारी बोझ डाल दिया है, उसका उन्हें बखूबी एहसास है। इसी कारण उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास' के अपने नारे में 'सबका विश्वास' भी जोड़ा और संविधान की भावनाओं का पालन करते हुए गरीबी खत्म करने और अल्पसंख्यकों का भरोसा जीतने की जरूरत बताई। उन्होंने सांसदों को दिखावे से दूर रहने और सुविधाभोगी बनने या मंत्री पद की प्रत्याशा करने के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने की नसीहत दी। दूसरी बार पहले से ज्यादा मजबूती के साथ चुने जाने के बाद भी नरेन्द्र मोदी के संबोधन मेें गंभीरता और आत्ममंथन का भाव था। अलबत्ता उसी दिन पार्टी के सर्वोच्च नीति निर्धारक मंच कांग्रेस कार्य समिति में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी नें, और सुदूर कोलकाता में बुलाई गई, अल्पकालीन बैठक में तृणमूल प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने-अपने इस्तीफे की जो पेशकश की, वह हार पर आत्ममंथन करने के बजाय खुद को जिम्मेदारी से अलग करने की भावुक कवायद ही ज्यादा थी। ऐसा इसलिए कि न तो कांग्रेस राहुल गांधी को अध्यक्ष पद से हटाने के बारे में सोच सकती है, न ममता के नेतृत्व के बगैर तृणमूल की कल्पना की जा सकती है। राहुल गांधी ने हालांकि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के पुत्रमोह का हवाला दिया,  और यह शिकायत भी की कि चुनाव में पार्टी को वरिष्ठों का वैसा सहयोग नहीं मिला। कार्यसमिति ने उनका इस्तीफा खाऱिज करते हुए उन्हें तमाम जरूरी बदलाव करने को अधिकृत कर दिया है। कांग्रेस के ंलंबे इतिहास में यह लगातार दूसरी बार बदतर पराजय तो है ही, पार्टी एक दर्जन से अधिक राज्यों में खाता नहीं खोल पाई और कांग्रेस कार्यसमिति के ज्यादातर सदस्य चुनाव हार गए। अगर राहुल गांधी पार्टी संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ दूसरे साहसी कदम उठाएं, तभी उनकी संजीदगी का मतलब होगा। ऐसे ही, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को इस्तीफे की पेशकश करने की बजाय आक्रामकता और नकार की राजनीति छोड़नी चाहिए। राज्य में आज अगर उनकी जमीन खिसक रही है, तो इसके लिए वही सबसे ज्यादा जिम्मेदार है।

No comments:

Post a Comment