Wednesday, May 22, 2019

पूर्वोत्तर की चुनौती


अरूणाचल प्रदेश के तिरप जिले में विधायक टिरोंग अबो की परिवार और सुरक्षाकर्मियों समेत की गई हत्या केवल इसलिए चिंतित करने वाली नहीं है कि पूर्वोत्तर में लंबे समय बाद नगा उग्रवादियों ने ऐसी हिंसा को अंजाम दिया, बल्कि यह घटना इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि चुनावी साल में अरूणाचल प्रदेश के इस इस अशांत जिले में दो महीने में दो राजनीतिक हत्या उग्रवादियों की बढती पैठ का सबूत है। उग्रवादियों ने टिरोंग को चार गाड़ियों के काफिले को रूकवाकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जो उनके दुस्साहस का प्रमाण है। पिछले ही साल पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल से कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी में आए टिरोंग की छवि एक ईमानदार और सख्त राजनेता की थी, जो उग्रवादियों के खिलाफ थे, और इसलिए पिछले दो चुनावों यानी 2009 और 2014 में भी वह उग्रवादियों के निशाने पर आए थे। इस साल भी नगा उग्रवादियों ने उन्हें चुनाव लड़ने से मना  किया था। लेकिन टिरोंग नहीं माने, जिसका नतीजा मार्च में उनके एक समर्थक और अब परिवार व सुरक्षाकर्मियों समेत उनकी हत्या के रूप में सामने आया है। यह सूचना तो पहले से ही थी कि म्यांमार की सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के कारण वहां शरण लिए हुए पूर्वोत्तर के एकाधिक उग्रवादी संगठनों की हाल के दौर में पूर्वोत्तर में मौजूदगी बढ़ी है। तिरप सहित अरूणाचल के तीन जिलों में उग्रवादियों की गतिविधि इसलिए भी अपेक्षाकृत अधिक बताई जा रही है, क्योंकि ये जिले असम, नागालैंड़ और म्यांमार की सीमा से लगे हुए हैं। इसके बावजूद टिरोंग की हत्या में एनएससीएन (आईएम) गुट का हाथ बताया जाना चौंकाने वाला है, क्योंकि बह हाल-हाल तक केन्द्र सरकार के साथ शांन्ति वार्ता में  शामिल रहा है। उसके प्रवक्ता ने इस हत्याकांड़ में अपनी लिप्तता की जानकारी न होने की जैसी बात कही है, उससे भी संदेह पैदा होता है  कि इसे सचमुच एनएससीएन (आईएम) गुट ने ही अंजाम दिया है या दूसरे किसी उग्रवादी संगठन ने। इस बारे में सच्चाई देर-सबेर तो सामने आएगा ही, अलबत्ता चुनाव नतीजा आने से ठीक दो दिन पहले अरूणाचल में इस हत्याकांड को अंजाम देकर उग्रवादियों ने केन्द्र की सत्ता में आने वाली नई सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती तो पेश कर ही दी है।

No comments:

Post a Comment