प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी दूसरी पारी शुरु करने से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को दो टूक कहा है कि क्षेत्र की शांन्ति, प्रगति और समृद्धि के लिए हिंसा और आतंक मुक्त माहौल बनाने के जरूरत है, जिससे उनकी सरकार की प्राथमिकता को समझा जा सकता है। आम चुनाव में मिली सफलता के तुरंत बाद इमरान खान ने पहले मोदी के ट्वीट कर बधाई दी और उसके बाद उन्होंने रविवार को उन्हें फोन भी किया। निश्चित रूप से इमरान खान की यह पेशकदमी एक औपचारिकता ही है, लेकिन 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले के बाद, जिसमें देश के चालीस जवान शहीद हो गए थे, दोनों देशों के शीर्ष स्तर पर यह पहला संवाद है। इम हमले के बाद वायुसेना ने सरहद पर जाकर बालाकोट में आतंकी शिविर को ध्वस्त किया था और उसके बाद से दोनों देशों के रिश्ते न्यूनतम स्तर पर आ गए थे। उसी दौर में भारत के कूटनीतिक दबाव के कारण चीन ने जैश सरगना मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अपनी आपत्ति हटाई। दरअसल पाकिस्तान स् संबंधों के लेकर भारत का नजरिया एकदम स्पष्ट है कि जब तक वह अपनी जमीन से आतंकवाद का संचालन बंद नहीं करता, उसके साथ कोई बात नहीं हो सकती। इस बीच, 21 और 22 मई को किर्गिस्तान के बिश्केक में हुए शंघाई सहयोग संगठन ( एससीओ) में हिस्सा लेने जा रही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विमान को अपनी वायुसीमा से गुजरने की पाकिस्तान ने इजाजत दी, जो भले ही सौजन्यता हो, लेकिन इसमें दोनों देशों के रिश्तों में जमीं बर्फ पिघल सकती है। ध्यान रहे, बालाकोट की कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना आकाश बंद कर रखा है, जिससे भारतीय विमानन कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगले महीने एससीओ की बैठक बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी की इमरान से मुलाकात हो सकती है और यह मौका द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से काफी अहम होगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से कर्ज और अंतरराष्ट्रीय दबाव और विपक्ष की गोलबंदी से घिरे इमरान खान को ही यह तय करना है कि आखिर वह भारत के साथ रिश्ते को कहां ले जाना चाहते है।

No comments:
Post a Comment