सांतवे व अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थम जाने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की प्रेस कांन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी अगर आश्चर्यजनक थी, तो इसलिए कि अपने पूरे कार्यकाल में उन्होने कभी प्रेस कॉन्फेंस नहीं की। अपनी बनाई हुई इस परंपरा को उन्होने जिस तरह अंत-अंत तक बरकरार रखा, वह उतना ही देखने लायक है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होने भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ केन्द्र की सत्ता में वापस लौटने का दावा किया, जो उनके आत्मविश्वास का ही सूचक था। आम चुनाव के दौरान अपनी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी अध्यक्ष ने सरकार के पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करने के साथ-साथ भाजपा के तीन सौ से अधिक सीटों के साथ केन्द्र की सत्ता में लौटने की बात कही। पत्रकारों की उत्सुकता अलबत्ता इसमें थी कि साध्वी द्वारा नाथूराम गोड़से पर की गई टिप्पणी पर भाजपा नेतृत्व क्या फैसला लेता है, क्योंकि गोड़से को देशभक्त बताया जाना अत्यंत कर्कश ढंग से लड़े गए इस चुनाव के अंत में गरिमा हीनता का चरम था, जिसमें राष्ट्रपिता तक को नहीं बख्शा गया। साध्वी के उस बयान से अतिशय नाराज प्रधानंमंत्री ने पत्रकारों के बिच भले इस पर कोई टिप्पणी न की हो, लेकिन साध्वी को दिए गए कारण बताओ नोटिस से स्पष्ट है कि भाजपा ने इसे गंभीरता से लिया है। हालांकि साध्वी प्रज्ञा को चुनाव लड़ने के भाजपा के फैसले को सही ठहराते हुए अमित शाह ने यह संदेश जरूर दिया है कि उनकी पार्टी इस मामले में विपक्ष के हमले से दबने वाली नहीं है। ठीक उसी समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस पर संतोष व्यक्त किया कि पूरे पांच साल उनकी पार्टी ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका का निर्वाह किया। हालांकि कांग्रेस की संभावनाओं के बारे में सीधे-सीधे कुछ कहने से वह बचते दिखे, जिसे समझा जा सकता है, क्योंकि यह चुनाव कांग्रेस के लिए ज्यादा ही चुनौतीपूर्ण है। चुनाव प्रचार खत्म हो जाने के बाद दो छोरों पर खड़ी देश की दो मुख्य राजनीतिक पार्टियां ने अपने आखिरी संवाददाता सम्मेलनों में जिस संजीदगी के साथ अपनी बात रखी, वह आश्वस्त करने वाली तो थी ही, दोनों दल अंत-अंत कर अपने रूख पर जिस तरह कायम रहे, वह भी उतना ही महत्वपूर्ण था।

No comments:
Post a Comment