Tuesday, May 28, 2019

निशाना मीडिया पर


कर्नाटक पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा के पोते और राज्य के मुख्यमंत्री एच डी कुमारास्वामी के पुत्र निखिल से संबंधित एक खबर के प्रकाशन को लेकर कन्नड अखबार के मालिक-संपादक के खिलाफ, आईपीसी की कई धाराओं के मामला दर्ज किया है, यह प्रेस की स्वतंत्रता पर हमले का एक और मामला तो है ही, इसने एक बार फिर सत्ता के दुरूपयोग को भी उजागर किया है। यह तो एक अलग मुद्दा है ही कि निखिल को सिर्फ पूर्व प्रधानमंत्री का पोता और मुख्यमंत्री का पुत्र होने के नाते ही जनता दल (एस) की ओर से मांड्या लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, जहां वह भाजपा समर्थित निर्दलीयय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश से पराजित हो गए। कन्नड अखबार विश्ववाणी के मुताबिक चुनाव में पराजित होने के बाद कथित रूप से नशे की हालत में निखिल ने एक पांच सितारा होटल में हंगामा किया और अपने दादा के साथ बदतमीजी की। अखबार को मालिक-संपादक विश्वेसर भट्ट का कहना है कि यह आलेख सूत्र के हवाले से प्रकाशित किया गया है और वह इस पर कायम हैं। भूलना नहीं चाहिए कि चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर देवगौड़ा के परिवार में कितनी खिंचतान हुई थी और खबर के मुताबिक निखिल इसलिए नाराज थे, क्योंकि उनके दादा ने कांग्रेस नेताओं का वैसा समर्थन नहीं जुटाया जैसा कि उन्होंने हासन सीट पर उनके चचरे भाई प्रज्जवल रेवन्ना के पक्ष में जुटाया था। वास्तव में कर्नाटक में जद(एस) कांग्रेस गठबंधन को भाजपा के हाथों बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ रहा है, जहां जद(एस) सिर्फ हासन सीट ही जीत सका। कन्नड़ अखबार के खिलाफ कुमारस्वामी सरकार का यह रवैया इसलिए हैरान नहीं करता, क्योंकि चुनाव के नतीजे आने के कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि कथित गैर जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग को नियंत्रित करने के लिए उनकी सरकार एक कानून लाने पर विचार कर रही है। इस पर भी हैरानी नहीं होनी चाहिए कि वह खुद एक खबरिया टीबी चैनल के मालिक हैं। अच्छा होता कि कुमारास्वामी जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन की हार की असली वजहों पर मंथन करते, मीडिया पर हमला कर सच्चाई से ही मुंह फेरने की कोशिश कर रहे हैं, वह भी ऐसे समय , जब उनकी अपनी सरकार का अस्तित्व ंगभीर संकट में है।

No comments:

Post a Comment