अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल़्ड ट्रंप ने चीन के साथ द्विपक्षीय व्यापार से संबंधित प्रस्तावित अहम बैठक से पहले दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आने वाली वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाने की चेतावनी दी है, जिससे दोनों देशों के बीच रहा गतिरोध और जटिल हो गया है। ट्रंप ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि वह शुक्रवार को चीन से आने वाले 200 अरब डॉलर के सामान पर शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 फीसदी कर देंगे, तो इसके जबाव में चीन ने भी कहा है कि वह जबावी कार्यवाई के लिए तैयार है। दोनों देशों के बीच यह तकरार ऐसे समय में हो रही है जब चीन के उप प्रधानमंत्री लियु वार्ता के लिए अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका में हैं। ट्रंप का साफ कहना है कि चीन के साथ व्यापार में अमेरिका को सालाना पांच सौ अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर सकते। हालांकि ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिंनपिंग के बीच पिछले वर्ष दिसंबर में हुई वार्ता मे दोनो देशों के लिए ट्रेड वॉर को रोकने और गतिरोध को दूर करने पर राजी हो गये थे। वरना ट्रंप प्रशासन इस वर्ष पहली जनवरी से ही चीन से आने वाली 200 अरब डॉलर की वस्तुओं पर शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 25 फीसदी करने का ऐलान कर चुका था। अमेरिका का आरोप है कि चीन जानबूझकर वार्ता से पीछे हट रहा है, वहीं चीन का कहना है कि वह अपने हितों के लिए किसी दबाव में नहीं झुकेगा। दरअसल ट्रंप ने 325 अरब डॉलर के अन्य सामान पर भी शुल्क बढाने की चेतावनी दी है,जिससे लगता नहीं है कि कोई भी पक्ष झुकने को तैयार है।
दुनिया की शीर्ष दो अर्थव्यवस्थाओं के बीच जारी इस ट्रेड वॉर के व्यापक असर से इनकार नहीं किया जा सकता। वारेन बफेट जैसे दिग्गज निवेशक ने आगाह किया हेै कि अमेरिका और चीन के बीच जारी यह जंग पूरी दुनिया के लिए ठीक नहीं है। जहां तक भारत की बात है, तो उसे सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ईरान से तेल खरीद पर अमेरिकी प्रतिबंध के कारण मुंबई शेयर बाजार सूचकांक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक में पिछले कुछ दिनो से पहले से गिरावट जारी है और अब अमेरिका-चीन के ट्रेड वॉर से इस गिरावट में और तेजी आ सकती है ।

No comments:
Post a Comment