Wednesday, May 8, 2019

वीवीपैट और विपक्ष



पचास फीसदी ईवीएम की वीवीपैट से मिलान कराने के संबंधित विपक्ष की पुर्नविचार याचिका को खारिज कर सर्वोच्च न्यायालय ने इस मुद्दे को कानूनी रूप से तो खत्म कर दिया है, लेकिन राजनीतिक तौर पर यह मुद्दा खत्म नहीं होने वाला। दरअसल शीर्ष अदालत ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विगत आठ अप्रैल को अपने फैसले में विधानसभा के पांच बूथों पर ईवीएम के वीवीपैट से औचक मिलान करने का आदेश दिया था। उसी दौरान कुल 21 विपक्षी दलों ने पचास फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान कराने की मांग करते हुए सर्वोच्च न्यायालय में पुुनर्विचार याचिका दायर की थीय़ हालांकि विपक्ष की यह मांग व्यवहारिक नहीं थी, क्योंकि पचास फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान कराने पर ईवीएम से वोटिंग कराने का कोई मतलब ही नहीं रह जाता । हालांकि सुनवाई के दौरान विपक्षी दल 33 या 25 फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान करने  पर भी राजी थे। जबकि इसमें भी काफी समय लगता, जिससे नतीजे में देरी होती। लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर अगर मुट्ठी भर लोग भी संदेह कर रहे हों, तो उसके निराकरण की कोशिश होनी चाहिए। फिर यह मांग विपक्ष के 21 राजनीतिक दलों ने की, जिसमें कुछ मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री भी थे। आखिर पारदर्शिता की खातिर ही चुनाव आयोग ने इस चुनाव से हर बूथ पर वीवीपैट का प्रावधान किया है। अगर 25 फीसदी ईवीएम का वीवीपैट से मिलान करना अव्यवहारिक है, तो कम से कम 10 फीसदी के मिलान पर तो विचार किया ही जा सकता है, जबकि  अभी यह महज दो फीसदी ही है, जिसे पर्याप्त नहीं माना जा सकता। बेशक ईवीएम के साथ छेड़छाड़ को अभी तक साबित नहीं किया जा सका है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग गलत नही ंहै।
य़ह अच्छा है कि चुनाव आयोग ने कुछ मामलों में विपक्ष की चिंताओं से सहमति जताई है। चूंकि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बहाल करने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर है, लिहाजा बेहतर यही होगा कि आयोग और विपक्ष सहमति के बिंदू तक पहुंचें। विपक्ष द्वारा पारदर्शिता की लड़ाई जारी रखने की बात तो समझ में आती है, लेकिन ईवीएम पर चुनाव आयोग तथा सर्वोच्च न्यायालय के रूख के बाद उसे इस मुद्दे को प्रति्ष्ठा की लड़ाई बनाने से बचना चाहिए।

No comments:

Post a Comment