ओडिशा ने दो दशक में आए सबसे भीषण तूफान फैनी से जनहानि को काफी हद तक कम करने में सफलता पाई, इसके बावजूद वहां अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। तूफान ने जैसा कहर बरपाया उससे राज्य के 14 जिलों में सामान्य जीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। 1999 में आए महाचक्रवात के कारण राज्य में दस हजार लोगों की मौत हो गई थी और उसके बाद राज्य ने आपदा प्रबंधन को लेकर जो कदम उठाए, उसका असर इस बार दिखा है। इसी बजह से रिकॉर्ड 14 लाख लोगों को समय रहते सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया था, मगर फैनी के कारण राज्य में आधारभूत संरचना को जो नुकसान हुआ है, उससे उबरने में लंबा वक्त लगेगा। यह चुनौती कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस तूफान के काऱण राज्य की एक तिहाई आबादी, डेढ करोड़ लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। लाखों मवेशी मारे गए हैं। तूफान के कारण बिजली के हजारों ट्रांसफार्मर, तकरीबन 80 हजार किलोमीटर बिजली की लाइन, पेयजल और संचार की व्यवस्था ठप हो गई। अस्पतास सहित सैंकड़ो सरकारी इमारतों को तो नुकसान पहुंचा ही है, लाखों कच्चे घर तक ढह गए है। अभी तो भुवनेश्वर, पुरी और कटक जैसे शहरों में ही व्यवस्था को सामान्य होने में कई हफ्ते लगेंगे। राज्य को तूफान के कारण पचास हजार करोड़ रूपये के नुकसान का अनुमान है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केन्द्र सरकार से उनके राज्य विशेष दर्जा देने की मांग है, इसके तमाम पहलुओं पर विमर्श किया जा सकता है।
हालांकि खुद प्रधानमंत्री मोदी ने पटनायक के साथ हवाई दौरा कर राज्य को एक हजार करोड़ रूपये की फौरी मदद देने की घोषणा की थी, पर वह नाकाफी है। इस आपदा ने पिछले वर्ष केरल और उससे पहले जम्मू कश्मीर में आई भीषण बाढ की याद दिला दी, जिसके कारण उन राज्यों में खासा नुकसान हुआ था। ऐसी भीषण प्राकृतिक आपदा से कोई भी राज्य अकेले नहीं निपट सकता, दरअसल प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से उबरने के लिए समग्र रूप से सोचने का समय आ गया है। क्या उम्मीद की जाए कि 23 मई के बाद बनने वाली नई सरकार इस पर प्राथमिकता के साथ विचार करेगी?

No comments:
Post a Comment