जिस दिन की प्रतीक्षा महीनों से थी, वह इस सप्ताह आने वाला है। इसी सप्ताह हम जान जाएंगे कि मोदी सरकार एक बार फिर बनेगी कि नहीं। यह वह समय है, जब हम राजनीतिक पंडित देश भर में घूम-घामकर वापस दिल्ली लौट आते हैं और चुनाव अभियान का फुरसत में विश्लेषण करने बैठते हैं। सो यह लिखने से पहले ऐसा मैने भी किया। कॉफी का प्याला अपने बगल में रखा और पिछले दो महीनों के अखबारों के संपदकीय पढने लगी। यू-ट्यूब पर कामदार और नामदार(भाई-बहन) के भाषण सुने। फिर उस गठबंधन के आला नेताओं के भाषण सुने, जिसको मोदी महामिलावट कहते हैं। ऐसा करने के बाद लगा, जैसे चुनाव आयोग ने आम चुनाव को इतना लंबा घसीट कर अन्याय किया।
ऐसा इसलिए कहती हूं, क्योंकि शुरू में असली मुद्दे सबने उठाने के प्रयास किए थे। विपक्ष की तरफ से बेरोजगारी और किसानों की समस्य़ाओं की बातें हुई थी। विकास, सुरक्षा और गरीबी हटाने के सफल प्रयासों के मुद्दे नरेन्द्र मोदी और उनके साथियों ने उठाए। इन बातों के बीच ही पुलवामा का वह आत्मघाती हमला और इसके बाद बालाकोट पर भारत का जवाबी हमला हुआ। कुछ हफ्ते यही बातें चलीं। इस दौरान मेैं जब राजस्थान गई, तो ऐसा लगा, जैसे इस चुनाव में देश की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर रहेगा। उन दिनों मोदी की प्रशंसा जगह-जगह सुनने को मिली।
इसके कुछ सप्ताह बाद जब मैं उत्तर प्रदेश गई, तो पाया कि मुख्य मुद्दा बदल कर फिर से आर्थिक हो गए थे। मथुरा चुनाव क्षेत्र में मुसलमानों की बातें की, तो मोदी सरकार की सिर्फ आलोचना सुनी। भी़ड़ द्वारा की गई लिचिंग की घटनाएं मुद्दा थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में उतना ही बड़ा मुद्दा यह भी थी कि जिन व्यवसायों में मुसलमान काम करते हैं, उनको तकरीबन बंद कर दिया गया है। जो कभी पशुपालन से गुजारा करते थे या चमड़ा या मांस उद्योग में काम करते थे, वे अब मजदूरी करते हैं। हिंदू किसान भी परेशान है, क्योंकि अब बूढी गाएं बेची नहीं जाती, सो भूखी, आवारा गांए फसल बर्बाद कर रहीं है। अगले प्रधानमंत्री के लिए यह बहुत बडी समस्या बन सकती है। समाधान ढूंढना मुश्किल हो गया है, क्योंकि गोरक्षकों को अब कौन रोक सकता है?
इसके बावजूद यह कहना जरूरी है कि मैंने अपने चुनावी दौरों में सौ से ज्यादा लोगों से बातें की होंगी और उनमें दस से भी कम ऐसे लोग मिले होगें, जिन्होंने मोदी की आलोचना की। अधिकतर ऐसे लोग मिले, जिन्होंने बेझिझक कहा कि वे मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। जिनको झिझक थी, वे स्पष्ट कर देते थे कि मोदी ने अपने सारे वादे तो पूरे नहीं किए हैं, फिर भी राहुल गांधी से अच्छे हैं, सो उनका वोट मोदी को मिलेगा। मोदी की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण हैं कि मतदाता देख चुके हैं कि वह दिन रात दैश की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, अपने परिवार की भलाई के लिए नहीं।
कुछ ही दिनों में पता लग जाएगा कि प्रधानमंत्री निवास में किसका प्रवेश होगा। काश कि वह दिन हम कुछ घंटों में ही ला सकते। यह चुनाव इतना लंबा चला है कि अगली बार चुनाव आयोग को कोई ऐसा उपाय ढूंढना होगा, जिससे इतना लंबा चुनाव अभियान फिर से बर्दाश्त न करना पड़े। इतने लंबे चुनाव अभियान से नुकसान राजनीतिज्ञों का इतना नहीं हुआ है, जितना देश का हुआ है। चुनाव आयोग को अगली बार कम दिनों में आम चुनाव को समाप्त करने का प्रयास करना होगा।

No comments:
Post a Comment