Thursday, August 1, 2019

सुरक्षिक सफर के लिए


राज्यसभा में पारित होने के बाद जल्द कानून बनने जा रहे मोटर यान संशोधन विधेयक को जितना व्यापक रूप दिया गया है, वह  सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता को ही दर्शाता है। दरअसल तीन दशक पुराना मोटर यान अधिनियम,1988 देश में सड़क परिवहन की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए कमजोर साबित हो रहा है, हमारा देश सड़क हादसों के मामले में दुनिया में पहले नंबर पर है, जहां हर साल डेढ लाख लोग सड़क हादसों में मारे जाते है। दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर देश में हाल के दशकों में जहां शहरीकरण की प्रक्रिया में तेजी आई है, वहीं वाहनों की संख्या बढ़ी है और सड़कों तथा हाईवे का विस्तार हुआ, नतीजतन स़ड़क हादसे भी बढ़े है। महज बाइस दिन पहले आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे में राज्य परिवहन निगम की एक बस नाले में गिरने से हुए हादसे ने विकास के इस विद्रुप को सामने ला दिया था, जिसमें करीब तीस लोगों की मौत हो गई थी। नए कानून में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना की राशि को पांच से दस गुना तो करने का प्रावधान है ही, इसमें ़ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाए जाने और वाहन निर्माताओं को भी जाबवदेह बनाने का प्रावधान है। नाबालिग बच्चे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो उनके अभिवावकों पर 25 हजार रूपये का जुर्माना करने के साथ ही जेल का भी प्रावधान निश्चित रूप से उन लोगों को हतोत्साहित करेगा, जो अपने कम उम्र बच्चों को वाहन देने को अपनी समृद्धि और रसूख के प्रदर्शन का जरिया मानते है। संशोधित विधेयक में एक अहम बात य़ह है कि त्रुटिपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनियों और एजेंसियों को दण़्डित किए जाने का भी प्रावधान है, तो यह विधेयक केन्द्र सरकार को ऐसे त्रुटिपूर्ण वाहनों को सड़कों से बाहर करने का भी अधिकार देता है, जिनके कारण पर्यावरण को या सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों को नुकसान हो सकता है। हालांकि यह भी सच है कि इस कडे कानून के साथ ही इस पर अमल करने वाली एजेंसियों को जवाबदेह बनाने और यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि इसका दुरूपयोग नहीं होगा, ताकि लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।


follow us on  Facebook  Twitter  Instagram   Telegram

Subscribe my Youtube channel

No comments:

Post a Comment