Sunday, April 21, 2019

श्रीलंका में जेहादी रविवार



रविवार की सुबह श्रीलंका की राजधानी कोलंबो समेत कई जगह चर्च और पांच सितारा होटलों में हुए बम विस्फोटों में, जिनमें से कुछ को आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया, सिर्फ हताहतों का आंकड़ा ही चौंकाने वाला नहीं है, बल्कि ईस्टर रविवार को सुनियोजित तरीके से जगह-जगह ईसाई आबादी को जिस तरह निशाना बनाया गया, वह भी उतना ही दुखद है। यह सचमुच बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि 21वीं सदी के इस आधुनिक समय-समाज में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले कट्टर मजहबी हमले अपनी भीषणता के साथ-साथ हमारी असुरक्षा की भी याद दिला जाते हैं। इन मामलों में श्रीलंका में लिट्टे द्वारा किए गए भीषण हमलों के अलावा बाली, पेशावर, मुंबई और हाल ही में न्यूजीलैंड में हुए हमलों की याद दिला दी है। यह सच्चाई है कि लिट्टे जैसे खतरनाक संगठऩ से मुक्ति पाने के बाद श्रीलंका मजहबी हिंसा की चपेट में आ गया है। हाल के वर्षों में यहा बहुसंख्यक सिंहली बौद्धों द्वारा मुस्लिमों को निशाना बनाने के मामले सामने आए हैं, तो चर्च और ईसाई आबादी भी लगातार निशाने पर रही है, जबकि ईसाई वहां की कुल जनसंख्या का महज 7.6 प्रतिशत ही हैं। अभी तक किसी ने इन विस्फोंटों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन फिलहाल इन विस्फोटों के पीछे एनटीजी यानी नेशनल तोहिथ जमात जैसे कट्टरवादी मुस्लिम संगठन का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, जो पिछले साल कुछ बुद्ध प्रतिमाओं को तोड़ने के बाद चर्चा में आया।
   यह विडंबना ही है कि दस दिन पहले चर्चों पर हमले की चेतावनी जारी करने के बावजूद इन हमलों और विनाश को नहीं रोका जा सका। यहां तक कि ईस्टर रविवार को देखते हुए भी चर्चों को समुचित सुरक्षा प्रदान करने की जरूरत नहीं समझी गई। इन सिलसिलेवार बम विस्फोटों की वजह के बारे में तो विस्तृत जांच-पड़ताल के बाद ही पता चलेगा, लेकिन इस त्रासदी ने श्रीलंका में अल्पसंख्यक समुदायों की असुरक्षा के बारे में तो बताया ही है। कोई आश्चर्य नहीं कि श्रीलंका में पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक अस्थिरता और मौकापरस्ती की जो हालत बनी है, उसी ने कट्टरवादी हिंसा की जमीन तैयार की हो। आतंकवाद का लंबे समय से सामना कर रहे भारत का श्रीलंका की पीड़ा में साथ खड़े होना स्वाभाविक है, अलबत्ता पड़ोस में हुई यह हिंसा खुद हमसे भी सजग होने की मांग करती है।

No comments:

Post a Comment