रॉलेट एक्ट के खिलाप सत्याग्रह पंजाब में असरदार था। अमृतसर में छह अप्रैल को
हड़ताल सफल रही थी और रामनवमीं में मुस्लिमों की भी सहभागिता थी। अग्रेजों ने डॉ.
सत्यपाल और सैफुद्दीन किचलु को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी रिहाई के लिए 10 अप्रैल
को लोग अधिकारियों से मिलने गए थे। सिपाहियों द्वारा उन्हें रोके जाने पर हिंसा
भड़की, जिसमें बीस भारतीयों के साथ पांच अंग्रेज भी मारे गए, जिससे ब्रिटिशों में
हडकंप मच गया। इसका बदला लेने की योजना बनाई गई। पूरे पंजाब में हिंसक आंदोलन की अफवाह
उड़ाई गई, स्थानीय प्रशासन ने अमृतसर की कानून-व्यवस्था सैन्य प्रशासन को सौंप दी
और मौखिक आदेश के तहत डायर को अमृतसर बुला लिया। हंटर कमेटी में पूछताछ के दौरान
लेफ्टिनेंट गर्वनर ओ डायर के पास कोई जबाव नहीं था कि जब मेजर मेकडोनाल्ड अमृतसर
में ही तैनात थे, तो डायर को उनका काम कैसे सौंपा गया। शहर में बिजली पानी की
आपूर्ति रोक दी गई। पानी के अभाव में लोगों ने मृतकों का अंतिम संस्कार कैसे किया
होगा, खून से सने कपडे कैसे साफ किए होंगे, बैसाखी का त्योहार कैसे मनाया होगा,
इसकी कल्पना ही की जा सकती है। रेलवे स्टेशन से ट्रेन के तीसरे दर्जे की बुकिंग
बंद कर शहर की किलेबंदी कर दी गई थी।
जलियांवाला बाग हत्याकांड को अंजाम देने वाले
जनरल डायर की सेना में उपेक्षा हुई थी, इसलिए रिटायर होने से पहले वह कुछ बड़ा
करना चाहता था। 13 अप्रैल को बैसाखी के दिन जलियावाला बाग में सभा का फैसला एक दिन
पहले लिया गया था,जबकि डायर ने किसी भी जमावड़े को गैरकानूनी घोषित किया था। लेकिन
इस बारे में लोगों को नहीं बताया गया। डायर ने भारतीय सैनिकों को साथ लेकर बाग की
घेरेबंदी कर ली और दस मिनट तक 1,650 राउंड गोलीबारी की, जिसमें रिकॉर्ड के मुताबिक547
मौतें ही हुई, लेकिन अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक, दो हजार लोग मारे गए। 13 अप्रैल
को जलियांवाला बाग में इकट्ठा लोग बैसाखी मनाने नहीं, बल्कि भाषण सुनने गए थे। वह
घटना खुद को सबसे सभ्य बताने वाली मानवजाति की बर्बरता का सुबूत है: एक अंग्रेज
महिला पर हुए हमले की प्रतिक्रिया मे डायर ने गली कौड़ियांवाला में रहने वालों को
सड़क पर से रेंगते हुए गुजरने की सजा दी थी, जबकि उन्ही ‘सभ्य’ अंग्रेजों ने
भारतीय महिलाओं को निर्वस्त्र करके पीटा था। निहत्थों पर गोलियां बरसाने के बाद न
केवल उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया गया, बल्कि घोयलों के लिए अस्पताल के दरवाजे भी
बंद कर दिए गए। इन सौ सालों में अंग्रेजों ने अपनी बर्बरता के लिए माफी भी नहीं
मांगी। अलबत्ता सौ साल पहले के उस दौर को हमें अपने सांप्रदायिक सद्भाव के लिए भी
याद रखना चाहिए।
No comments:
Post a Comment