Thursday, April 25, 2019

श्रीलंका में इस्लामिक स्टेट

ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में कई चर्चों और होटलों में हुए भीषण आत्मघाती हमले में स्थानीय कट्टरपंथी गुटों के साथ ही इस्लामिक स्टेट(आईएस) की भूमिका ने इस द्वीपीय देश ही नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया में आतंकवाद की चुनौती के खतरनाक पहलू को उजागर किया है। सिलसिलेवार बम धमाकों के जरिये किए गए इस आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या तीन सौ के आंकड़े को पार कर चुकी है और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के 2009 में हुए सफाए के बाद वहां सबसे भीषण हमला है। श्रीलंका की सरकार और वहां की एजेंसियां घरेलू कट्टरपंथी गुट नेशनल तौहीद जमात(एनटीजे) के साथ ही विदेशी गुट पर पहले ही संदेह जता रही थी और आईएश के प्रोपेगेंड़ा 'अमाक' द्वारा जारी किए गए वीडियो के बाद इसे बल मिला है। इस हमले में मारे गए आतंकियों के बारे में जो ब्योरे आए हैं, वे इसलिए चोंकाते हैं, क्योंकि इनमें संपन्न पारिवारिक पृष्ठभूमि के पढ़े-लिखे लड़के शामिल थे। यहां तक कि श्रीलंका के एक समय प्रतिष्ठित माने-जाने वाले मसाला कारोबारी य़ुसुफ इब्राहिम के दो बेटे भी इनमें शामिल थे, जिससे पता चलता है कि वहां कट्टरपंथी गुट ने किस तरह से पैठ बनाई है। गृहयुद्ध के लंबे दौर में श्रीलंका में नस्लीय हमले तो होते ही रहते हैं, लेकिन ऐसी धार्मिक कट्टरता नहीं देखी गई थी। आरंभिक जांच के आधार पर श्रीलंका के रक्षा मंत्री रूवान विजयवर्द्धने ने कहा है कि श्रीलंका में जो कुछ हुआ, वह न्यूजीलैंड़  के क्राइस्टचर्च में मस्जिदों पर हुए हमले के जवाब में हुआ है। 
                           हालांकि अनेक विशेषज्ञों का आकलन है कि न्यूजीलैंड में हमला 15 मार्च को हुआ था और श्रीलंका की भीषणता को देखकर लगता है कि इसे की महीनों की तैयारी के बाद अंजाम दिय़ा गया। वास्तव में पाकिस्तान, बांग्लादेश, भारत के साथ ही श्रीलंका और मालदीव से भी अनेक युवा इस्लामिक स्टेट से प्रभावित होकर सीरिया और ईराक चले गए थे, लेकिन वहां इसके कमजोर पड़ने के बाद उनके लौटने की सूचनाएं लंबे समय से आ रही है। दरअसल यह हमला इस बात का संकेत है कि इस्लामिक स्टेट दक्षिण एशिया में जड़ें जमा रहा है, जिससे निपटने के लिए बेहतर तालमेल और सहयोग की जरूरत है। स्वाभाविक रूप से इसमें भारत की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

No comments:

Post a Comment