Monday, April 22, 2019

राहुल गांधी का बचकानापन


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे से जुड़े अदालत की अवमानना संबंधी मामले में अपने विवादित बयान पर खेद जताया है, क्योंकि उनके पास इसके अलावा कोई और विकल्प था ही नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले में लीक दस्तावेजों को सुनवाई के लिए मंजूरी देते समय उन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया था, जिन्हें राहुल नें सर्वोच्च अदालत के हवाले से कहा था। 10 अप्रैल को सर्वोच्च अदालत द्वारा राफेल पर पुनर्विचार याचिका मंजूर करने के तुरंत बाद राहुल ने कहा था, कि ‘सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि चौकीदार ही चोर है’। इस पर भाजपा नेता और सांसद मीनाक्षी लेखी ने उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की याचिका दायर की थी, जिस पर आज सुनवाई होनी है। जाहिर है, राहुल के खेद जताए जाने के बावजूद उन पर अवमानना का मामला चलेगा या नहीं, यह अदालत को तय करना है। राहुल ने खेद जताते हुए कहा कि उन्होंने यह बयान राजनीतिक आवेश में दिया था, और उन्हें उस समय अदालत के पूरे फैसले की  जानकारी तक नहीं थी। यह दुखद है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी के नेता ने भी बिना तथ्यों को परखे हुए ऐसा बयान दे दिया, जिससे सर्वोच्च अदालत की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है।
           दूसरी ओर सर्वोच्च अदालत के 14 दिसंबर,2018 के फैसले को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कई केन्द्रीय मंत्रियों ने राफेल सौदे में ‘क्लीन चिट’ करार दिया था। संदर्भों और तथ्यों को अपनी सुविधा से प्रस्तुत करने की इस प्रवृत्ति से हमारी संस्थाओं की साख पर आंच आती है। ऐसे दौर में जब सोशल मीडिया के जरिये किसी भी खबर, सूचना या बयान को देश के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाने में देर नहीं लगती, उसमें अपुष्ट या गलत बयानबाजी के खतरों को सहज समझा जा सकता है। चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के जरिये प्रचार की सीमाएं तय कर रखीं है, लेकिन स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय पार्टियों के नेता तक इसका उल्लंघन करने से गुरेज नहीं करते। चुनाव प्रचार के दौरान तीखे आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं, लेकिन इसमें तथ्यों को जिस तरह से तोड़-मरोंड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है, वह हमारे राजनीतिक विमर्श में आईं गिरावट को ही दर्शाता है।


Follow on Facebook

No comments:

Post a Comment