Saturday, August 18, 2018

turkey's tacticks and obstecles

 अर्थशास्त्री कह रहें हैं कि तुर्की में आर्थिक संकट में एर्दोगान के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण पैदा हुआ है। उन्होंने भारी कर्ज लिया, जिसे चुकाया नहीं जा सका, भाई भतीजावाद को तरजीह मिली। और सरकार नें व्यापक पैमाने पर ऐसा काम छेड़ा, जिससे उसे कोई आर्थिक लाभ नहीं हुआ। और अब वह लगभग अकेले ही पूरे देश का बोझ ढो रहे हैं। एर्दोगान के पास भले ही इस समस्या का समाधान न हो, लेकिन बेहद कुशलता से राष्ट्रवाद जगाकर और पश्चिम के प्रति क्षोभ पैदा कर इस संकट का मुंह दूसरी ओर मोड़ने में वह सफल रहे हैं। देश के मीड़िया पर मजबूत पकड़, व्यापक लोकप्रियता और राजनीतिक चतुराई के कारण एर्दोगान अपने इस अभियान में सफल हुए हैं।

             जिस दिन तुर्की की मुद्रा लीरा में गिरावट आई, उस दिन शाम को राष्ट्रपति आपटी एर्दोगान देर शाम एक छोटे शहर में पहुंचे, अपनी कार से बाहर निकले, माइक्रोफोन निकाला और भाषण देने लगे, जो उनके यादगार भाषणों में से है, और जिसमें उन्होंने विदेशी आक्रामकता की प्रतिक्रिया में राष्ट्रीय और धार्मिक गौरव जगाने की देशवासियों से अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा,’हमारे खिलाफ उनके पास अब कई अभियान हैं। पर आप लोगों उन पर ध्यान न दें। यह मत भूलें कि उनके पास अगर डॉलर है, तो हमारे पास भी हमारे लोग, हमारे अल्लाह हैं।‘ एर्दोगान का इशारा अमेरिका की ओर था, जिसने इसी महीने तुर्की पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। विगत जून मे ज्यादा मदबूती के साथ फिर से राष्ट्रपति चुने जाने बाद एर्दोगान अपनी 8.1 करोड़ की आबादी के हित में अभूतपूर्व आक्रामकता दिखा रहे हैं। पंद्रह साल तक सत्ता में रह चुकने के बावजूद वह अब भी पूरी मेहनत के साथ पूरे देश का दौरा करते हैं, पार्टी की बैठक बुलाते हैं, फीता काटते हैं, और सबसे महत्वपूर्ण यह कि रोज औसतन तीन भाषण देते हैं, जिनमें से ज्यादातर का विभिन्न न्यूज चैनलों में सीधा प्रसारण होता है।
 तुर्की पर प्रतिबंध लगाकर और वहां के राष्ट्रपति को सार्वजनिक तौर पर निशाना बनाकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एर्दोगान की मदद ही कर रहे हैं। इससे एर्दोगान को महाशक्ति देश के मुकाबले राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाने का आधार मिल रहा है। उनका कहना है कि उनके देश के खिलाफ  ‘आर्थिक युद्ध’ छेड़ा गया है। हाल ही में द न्यूयार्क टाइम्स में लिखे अपने लेख में एर्दोगान ने कहा है कि  ‘अमेरिका तुर्की की चिंताओं को समझने और उनका समाधान करने में विफल रहा। लेकिन तुर्की धमकियों का जबाव नहीं देता।‘
  एर्दोगान वादा कर रहें हैं कि तुर्की इस संकट से निकल आएगा। ‘हमने पहले कड़ी मेहनत की है, और आगे भी करेंगे। सोलह, साल पहले हम कहां थे. और आज कहां हैं। हम और तरक्की करेंगे, एर्दोगान कहते हैं।
            एर्दोगान नें पिछले कुछ वर्षों से देश के कामकाजी वर्ग के साथ नजदीकी बढ़ाई है, जो मूलरूप से कट्टरवादी हैं। वह इस वर्ग के लोगों से उनकी बोली में बात करते हैं। अपने भाषणों में वह इतिहास और धर्म के संदर्भ लाते हैं, और गौरवशाली ऑटोमन साम्राज्य के दौर की वापसी का भरोसा दिलाते हैं।
दरअसल 2016 में एर्दोगान का तख्ता पलटने की जो कोशिश हुई थी, उसने उन्हें हिला दिया था। तब हुई भारी हिंसा में करीब ढ़ाई सौ लोग मारे गए थे, जिसमें एर्दोगान के करीबी दोस्त और चुनाव अभियानों के प्रबंधक भी शामिल थे। उन्हें इसका भी मलाल है कि तब अमेरिका नें तुर्की की मदद नहीं की। उनका मानना था कि अमेरिका की शह के बगैर तख्तापलट की कोशिश संभव ही नहीं थी। एर्दोगान नें अपने लोगों के मन में यह धारणा बिठा दी है कि पश्चिमी देश तुर्की की तरक्की से जलते हैं। पर मौजदा संकट का समाधान अमेरिका पर हमले से संभव नहीं है।
एर्दोगान की यह कोशिश कुछ हद तक नाकाम रहने वाली है, क्योंकि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश से दो-दो हाथ करना और फिर उसको पराजित करना इतना आसान नहीं है।

No comments:

Post a Comment