समाजवादी पार्टी में
लंबे समय से उपेक्षित चल रहे शिवपाल सिंह यादव का आखिरकार सेक्युलर समाजवादी
मोर्चे की कमान अपने हाथ में ले लेना उत्तर प्रदेश और उसमें भी सपा की राजनीति के
लिहाज से जरूर महत्वपूर्ण है। शिवपाल नें पिछले ही साल इस मोर्चे का गठऩ किया था,
पर सपा में सम्मानजनक समायोजन के मुलायम सिंह आश्वासन पर उन्होंने अपने पांव वापस
खींच लिए थे। न मुलायम अपना वायदा निभा सके, न शिवपाल की स्थिति बदली, तिस पर ठीक
इन्हीं दिनों भाजपा के नजदीक गए अमर सिंह नें आजम खान के बहाने मुलायम और अखिलेश
पर हमले तेज कर दिए हैं। ऐसे मे, सपा को झटका देने के लिए शिवपाल ने मोर्चे को
मूर्त रूप देने का यही समय चुना।
सपा में शिवपाल की जमीनी पकड़ बेशक अब भी थोड़ी
बहुत है। लेकिन उनके लिए अलग पार्टी बनाकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में खुद को
स्थापित करने की बात सोचना एक बड़ा जोखिम उठाने जैसा है। कुछ समय पहले भाजपा में
जाने की अटकलें थी। ऐसा नहीं हुआ, लेकिन मोर्चे की कमान संभालने पर पहले यागी
आदित्यनाथ की सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश
राजभर से मुलाकात, फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर
चुनाव लड़ने का शिवपाल यादव का एलान भाजपा से उनकी नजदीकी की ओर इशार करते हैं।
इससे यह भी मालूम होता है कि अमर सिंह का सपा पर हमला और शिवपाल का मोर्चे की कमान
संभालना, दोनो घटनाक्रम वस्तुत: एक दूसरे से जुड़े हुए है। चूंकि शिवपाल ने
उपेक्षित सपाइयों और सूबे के दूसरे दलों को भी मोर्चे से जुड़ने का आह्वान किया
है, ऐसे में, आने वाले दिनों में स्वरूप थोड़ा और बड़ा हो सकता है। शिवपाल लोकसभा
चुनाव में किसी को जिता पाएं या नहीं, लेकिन उस सपा-बसपा गठबंधन को नुकसान जरूर
पहुंचा सकते हैं, जिसनें पिछले कुछ उपचुनावों में भाजपा को मात देकर उसकी चिंता
बढ़ा दी है। जबकि लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के लिए भाजपा उत्तर प्रदेश में
बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। इस लिहाज से चुनाव से पहले यह ताजा घटनाक्रम अखिलेश
और सपा-बसपा गठबंधन के लिए चुनौती तो है ही।
No comments:
Post a Comment