जम्मू कश्मीर के कठुआ में खानाबदोश बकरवाल समुदाय की आठ वर्ष की एक बच्ची को बलात्कार के बाद बर्बर हत्या के मामले में पठानकोट की विशेष अदालत ने छह आरोपियों को दोषी ठहराकर सजा सुनाई है, जिससे थोड़ी राहत महसूस की जा सकती है। ड़ॆढ साल पहले, जनवरी 2018 में इस बच्ची को अगवा कर उसके साथ जैसी बर्बरता की गई थी, उसकी किसी सभ्य समाज में कल्पना नहीं की जा सकती। हद तो यह है कि इस जघन्य कृत्य में कुछ पुलिस कर्मचारी भी संलिप्त थे। इस घटना के सामने आने के बाद इसे सांप्रदायिक और राजनीतिक रंग देने की न केवल कोशिश की गई, बल्कि आरोपियों का महिमामंड़न करने के काऱण राज्य की तत्कालीन पीडीपी-भाजपा सरकार के दो मंत्रियों को इस्तीफा तक देना पड़ा था। हालत यह हो गई कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देष पर इस मामले की सुनवाई पड़ोसी पंजाब प्रांत के पठानकोट में स्थानांन्तरित करनी पड़ी थी। अदालत ने मुख्य आरोपी सांजीराम, दीपक खुजरिया और परवेश कुमार को उम्रकैद (पच्चीस-पच्चीस वर्ष तक की सजा) दी है, तीन पुलिसकर्मियों को सबूतों से छेड़छा़ड करने का दोषी पाकर पांच-पांच साल कैद की सजा सुनाई गई है और एक आरोपी को अदालत ने बरी किया है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अलीगढ़ में एक दो वर्ष की बच्ची के साथ भी बर्बरता और फिर उसकी हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई है। इसी समय, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों से भी बच्चियों के साथ ऐसी बर्बरता के मामले सामने आए हैं। ये सारी घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों में संशोधित पॉस्को ऐक्ट(बाल यौन अपराध संरक्षण कानून) का भी भय नहीं, जिसमें मृत्युदंड़ तक का प्रावधान है। ऐसा लगता है कि कड़े से कड़ा कानून भी बच्चियों और महिलाओं के उत्पीड़न और उनके खिलाफ होने वाले अपराध में कवच का काम नहीं कर पा रहा है। इसके बावजूद इस फैसले की रोशनी में दो बातें एकदम स्पष्ट हैं, पहला यह कि कानून को अपना काम करनें दिया जाए, उसमें किसी तरह का दखल न दिया जाए और ऐसे अपराध में चाहे कोई भी संलिप्त हो, उसे बख्शा नहीं जाए। दूसरा यह कि ऐसे किसी भी अपराध को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिशों को रोकने के लिए जो भी जरूरी कदम हों, उठाएं जाएं।

No comments:
Post a Comment