किर्गिस्तान की राजधानी में आयोजित एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आतंकवाद पर चिंता जताने के बाद एससीओ के घोषणापत्र में आतंकवाद को जिस तरह शामिल किया गया, वह भारत के रूख का ही स्वीकार है। इससे पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिंनपिंग और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ मोदी की सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात हुई। मोदी और जिंनपिंग ने सीमा विवाद पर बात करने का भरोसा जताया, तो जिनपिंग नें दोनो देशों को एक दूसरे के लिए खतरा नहीं, मौका बताया। संयोग से इस साल भारत-चीन संबंधों के सत्तर साल पूरे हो रहे हैं, और जिनपिंग इस वर्ष यहां आने वाले भी हैं। ऐसे ही, पुतिन के साथ मोदी ने रक्षा और ऊर्जा के मुद्दों पर बात की और अमेठी में राइफल फैक्टरी की स्थापना के लिए शुक्रिया अदा किया, तो पुतिन ने मोदी की ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया। रूस से टूटे हुए देशों के संगठन एससीओ से भारत बेशक बाद में जुड़ा है, लेकिन दुनिया की 42 फीसदी आबादी और 20 प्रतिशत जीडीपी का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन से, जिसके अधिकांश सदस्य देशों के पास तेल और गैस के भंण्डार हैं, जुड़ने का भारत को लाभ हुआ है, क्योंकि यह आर्थिक और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का मंच है और सार्क के लगभग अप्रभावी हो जाने की पृष्ठभूमि से इस मंच से पाक प्रायोजित आतंकवाद पर भारत दुनिया का ध्यान भी आकृष्ट कर सकता है, जैसा कि उसने बिश्केक में किया। वहां हमारे प्रधानमंत्री ने पाक प्रधानमंत्री इमरान खान की अनदेखी की, आतंकवाद के खिलाफ सदस्य देशों से एकजुट होने का आह्वान किया, और पाकिस्तान को दो टूक संदेश भी दिया कि आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई के बाद ही उसके साथ बातचीत होगी। गौरतलब है कि जनवरी, 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ वार्ता बंद है, लेकिन पाक प्रायोजित आतंकी घटनाएं बंद नही हुई हैं। भारत और किर्गिस्तान के बीच कई समझौतों के अलावा मेड़िकल टूरिज्म समेत अन्य कई क्षेत्रों में सदस्य देशों के साथ सहयोग की प्रतिबद्धता बताती है कि शंघाई सहयोग संगठन के साथ भारत का जुडाव व्यापार और सुरक्षा के अलावा मदद और सांस्कृतिक लेन-देन के भी नए क्षितिज खोलेगी।

No comments:
Post a Comment