Monday, June 3, 2019

गठबंधन में तकरार


जब नीति, सोच और वैचारिकता के साझा के बजाय तात्कालिक चुनावी लाभ को ध्यान में रखकर राजनीतिक गठबंधन किए जाते हैं, तब उसका वही हश्र होता है, जैसा उत्तर प्रदेश में दिख रहा है, जहां सपा और बसपा के बीच हुए महागठबंधन में दरार पड़ने के संकेत हैं। गठबंधन के खत्म होने का औपचारिक एलान तो अभी नहीं हुआ है, पर बसपा की समीक्षा बैठक में मायावती ने गठबंधन के प्रयोग की विफलता पर जैसी निराशा और नाखुशी जताई, वह इसका भविष्य बताने के लिए काफी है। उनका कहना था कि बसपा का वोट सपा में जिस तरह स्थानांन्तरित हुआ, सपा का वोट उस तरह बसपा में नहीं आया और सपा यादव मतों में हुए बंटवारे तक को नहीं रोक पाई। जाटों का वोट बसपा प्रत्याशियों को न मिलने की बात कहकर उन्होंने रालोद के प्रति भी अपनी नाखुशी जताई। बसपा सुप्रीमों ने सूबे की ग्य़ारह विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में अकेले लड़ने की जो बात कही है, वह भी चौंकाने वाली है, क्योंकि बसपा आम तौर पर उपचुनाव नहीं लड़ती। लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ सपा-बसपा गठबंधन के सफल प्रयोग से उत्साहित होकर अखिलेश और मायावती नें लोकसभा चुनाव में इसे दोहराने का फैसला तो कर लिया, पर वे भूल गए भिन्न राजनीतिक धरातलों पर खड़ी दो क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के बीच गठजोड़ स्वाभाविक नही ंहो सकता। बसपा ने 38, सपा ने 37, और रालोद ने तीन सीट पर चुनाव लड़ा था और अमेठी और रायबरेली की सीटें कांग्रेस के लिए छो़ड़ दी थी। अखिलेश ने तब कहा था कि यह गठबंधन 2022 के विधानसभा चुनाव तक चलेगा। सिर्फ यही नहीं कि भाजपा को रोकने के एकमात्र लक्ष्य पर बने इस गठबंधन पर सपा-बसपा के नेता, कार्यकर्ता सहमत नहीं थे, बल्कि इसमें गठबंधन धर्म का पालन भी नही ंकिया गया। बेशक बसपा नाराज है, लेकिन वह शुन्य से दस सीट पर पहुंच गई है, जबकि सपा न सिर्फ पांच सीट पर बनीं रही, बल्कि कन्नौज, बदायूं और फिरोजाबाद जैसे अपने गढ में उसकी हार हुई। यानी सीटों के चयन में पारदर्शिता नहीं बरती गई और बसपा के वोट भी सपा में नहीं गए। लेकिन जमीनी आधार के बगैर बने हवाई गठबंधनों का यही हश्र  होता है। उत्तर प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव के समय हमने सपा और कांग्रेस का गठबंधन बनते और चुनाव के बाद उसे टूटते हुए देखा ही था।

No comments:

Post a Comment