होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हुए हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराए जाने, और उसके बाद तेहरान द्वारा अपनी सीमा में बताकर अमेरिकी ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव जिस तरह चरम पर पहुंच गया है, वह पूरी दुनिया के लिए चिंताजनक है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले का आदेश देने के बाद आखिरी वक्त पर जिस तरह उसे वापस लिय़ा, उससे सामान्य स्थिति की बहाली की एक झीनी-सी उम्मीद जरूर जगी। तब तो और भी, जब उसके बाद ट्रंप ने ईरान के साथ बेहतर रिश्ते की बात भी कही। लेकिन शुरू से ही ईरान के खिलाफ बेहद आक्रामक रूख अपनाने के कारण ट्रंप प्रशासन का तेहरान के प्रति अपना रवैया बदलने की उम्मीद नहीं है। मुश्किल यह है कि खुद ईरान का भी इस मामले में रूख बहुत सख्त है। उसने ट्रंप को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने हमले की भूल की, तो वह पश्चिम एशिया को खुद युद्ध की आग में झोंक देगा, जिससे अमेरिकी हितों को गंभीर नुकसान होगा। हद है कि आर्थिक रूप से बर्बाद हो जाने के बावजूद ईरान अपने आक्रामक तेवर जारी रखे हुए है। जबकि वह जानता है कि अमेरिका हमला न करके भी उसे और जर्जर कर देने की दिशा में कदम उठा सकता है। ट्रंप ने न केवल ईरान पर और सख्त प्रतिबंध लगाने की बात कही है, बल्कि ईरान की उस हथियार प्रणाली पर साइबर हमले का भी दावा किया है, जो रॉकेट और मिसाइल लांचर को नियंत्रित करती है। वि़डंबना सिर्फ यही नहीं है कि अमेरिका और ईरान के बीच की तनातनी में वे यूरोपीय़ देश नेपथ्य में है, जिन्होंने बराक ओबामा के दौर में ईरान के साथ बेहद महत्वाकांक्षी समझौता किया था, बल्कि ट्रंप प्रशासन पश्चिम एशिया के मामले में उस सऊदी अरब पर अतिशय निर्भर है, जो ईरान का दुश्मन है। जाहिर है, खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए ईरान के अलावा सऊदी अरब और क्षेत्र के दूसरे देशों को भी वार्ता की मेज पर बैंठना होगा, जिसकी संभावना फिलहाल तो नहीं दिखती। जहां तक भारत का सवाल है, तो अमेरिका-ईरान तनाव का खामियाजा पहले ही उस ईरान से तेल आयात बंद कर भुगतना पडा है। अब ईरान के ऊपर से हवाई सेवा स्थगित करने का आर्थिक नुकसान तो होगा ही, कच्चे तेल की कीमत में भी तेजी आएगी। लेकिन भारत की सबसे बडी चिंता खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे लगभग अस्सी लाख भारतीयों के सुरक्षा से जु़ड़ी है।

No comments:
Post a Comment