Monday, June 24, 2019

महागठबंधन का हश्र

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई बसपा की समीक्षा बैठक में ही  मायावती ने सपा के साथ अपनी पार्टी के महागठबंधन के खत्म होने के स्पष्ट संकेत दे दिए थे, जिसकी घोषणा उन्होंने अब कर दी है। उनका यह कदम न तो अप्रत्याशित है और न ही इससे किसी को हैरत हुई होगी। मार्च, 2018 में गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बसपा के समर्थन से सपा को मिली जीत के बाद इन दोंनों पार्टियों ने राष्ट्रीय लोक दल के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव से ऐन पहले महागठबंधन बनाया था, लेकिन यह प्रयोग बुरी तरह से नाकाम साबित हुआ। बिना किसी वैकल्पिक कार्यक्रम और वैचारिक एका के यह गठबंधन दरअसल भाजपा के बरक्स अपना अस्तित्व बनाए रखने की कवायद ही अधिक था। दरअसल नतीजों के बाद यह साफ हो गया कि सपा और बसपा मे आपस में मतों का स्थानान्तरण नहीं हुआ, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में भाजपा का मत पचास फीसदी के करीब पहुंच चुका है। मायावती अब कह रही हैं कि अखिलेश ने उन्हें ध्रुवीकरण से बचने के लिए अधिक मुस्लिम उम्मीदवार न ख़ड़ा करने की सलाह दी थी। मगर उनसे पूछा जा सकता है कि यह सवाल उन्होंने तब क्यों नहीं उठाया? मुश्किल यह भी है कि महागठबंधन से किनारा करते हुए बसपा सुप्रीमो ने मुद्दों और विचारधारा पर आधारित कोई प्रभावी कार्यक्रम पेश करने के बजाय अपने भाई आनंद और भतीजे आकाश को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय समन्वयक जैसी जिम्मेदारियां देकर साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी भी ऐसी तमाम क्षेत्रीय पार्टियों से अलग नहीं है, जो एक परिवार की पार्टी बन कर रह गईं है। खुद सपा आज जिस स्थिति में पहुंच गई है, उसके पीछे भी पार्टी में परिवार का नियंत्रण एक बड़ी वजह बन गया। वास्तव में देखा जाए, तो तीन दशक पहले मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू होने के बाद सामाजिक न्याय के वैचारिक धरातल से उभरी पार्टियों ने सत्ता के लिए तमाम तरह के गठजोड़ तो  बनाए, लेकिन ये जमीनी स्तर पर कोई ठोस बदलाव लाने में नाकाम रहीं। और फिर चुनाव सिर्फ अंकगणित का खेल नहीं है। सपा-बसपा-रालोद के महागठबंधन के प्रय़ोग ने यह भी दिखाया है कि दिल्ली और लखनऊ में बंद कमरों में शीर्ष नेता जो गठबंधन बनाते हैं, उसे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता स्वीकार करें यह जरूरी नहीं।

No comments:

Post a Comment