उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के नयागांव में एक युवक ने एक दलित युवती से छेड़छाड करने का विरोध किए जाने पर उसके परिजनोॆ पर तेज रफ्तार कार चढ़ाकर दो महिलाओं की जिस तरह जान ले ली, वह दबंगई की पराकाष्ठा है। कार की चपेट में ओए दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिस परिवार के साथ यह हादसा हुआ है, वे उसी समय एक शादी समारोह से लौटकर घर आए थे। देख लेने की धमकी देने के बाद अपने साथियों के साथ लौटकर अपराध को अंजाम देना यही बताता है कि दबंगों को शायद किसी का डर नहीं है। यह घटना दलितों की सुरक्षा पर भी टिप्पणी है। यह हालत तब है, जब इसी महीने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के खिलाफ अपराध न होने पाएं, इसका खास ध्यान रखा जाना चाहिए। लेकिन परिजनों के बयान और सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो जाने के बाद भी पुलिस इस घटना को जिस तरह सड़क दुर्घटना बताती रही, वह उसके कामकाज के तरीके के बारे में बताने के लिए काफी है। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन और कई घंटों तक हाईवे जाम करने के बाद पुलिस ने हत्या, अपहरण की कोशिश, छे़डछाड और एससी एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किय़ा। इस महीने अलीगढ़ के टप्पल में ढाई साल की एक बच्ची की हत्या के मामले में भी प्रारंभ में पुलिस की ऐसी की काहिली सामने आई थी, जब बच्ची के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करने से उसने इनकार कर दिया था। जाहिर है कि उस सूबे के लिए यह अच्छी स्थिति नहीं है, जो अपनी लचर कानून-व्यवस्था के कारण ज्यादा जाना जाता रहा है। मौजूदा सरकार अपराधियों में भय पैदा होने का दावा करने के साथ इनकाउंटर को अपनी उपलब्धि बताती है, जबकि पुलिस हिरासत में हुई एकाधिक मौंतो पर मानवाधिकार आय़ोग पर सवाल उठाए है। बुलंदशहर के उस दबंग को सख्त सजा मिलेगी और पीड़ित परिवार को मुआवजा भी मिल जाएगा। लेकिन पुलिस-प्रशासन बिना किसी पक्षपात के काम करे, अपराधों का तुरंत स्ंज्ञान लिया जाए और अपराधियों में कानून-व्यवस्था का भय हो, इस दिशा में कदम उठाने की जरूरत कहीं ज्यादा है। तभी उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था के मामले में देश का आदर्श राज्य बन पाएगा।

No comments:
Post a Comment