वित्त मंत्रालय ने बारह भ्रष्ट और दागदार छवि वाले आयकर अधिकारियों को फंड़ामेंटल रूल्स के नियम 56(जे) के तहत जबरन रिटायर कर जो सख्त संदेश दिया है, वह प्रशंसनीय तो है ही, इससे सरकारी क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करते रहने की धारणा भी ध्वस्त हुई है। जिन अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उनमें मुख्य आयुक्त, प्रमुख आयुक्त, और आयुक्त जैसे वरिष्ठतम अधिकारी थे। उनके खिलाफ उगाही करने, रिश्वत लेने, आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने, अपने पद और अधिकारों का दुरूपयोग करने और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप थे। जबकि एक अधिकारी को अपनी योग्यता के कारण जाना पड़ा। हालांकि इससे पहले 2017 में भी सरकार ने कुछ भ्रष्ट और निकम्मे अधिकारियों को जबरन रिटायर किया था, लेकिन भ्रष्टाचार और कदाचार में फंसे इतने सारे अधिकारियों के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई का यह पहला ही मामला है। सरकारी क्षेत्रों के बारे में, दुर्य़ोग से, यह धारणा बन गई है कि खासकर रसूखदार पदों पर भ्रष्ट्राचार और अधिकारों के दुरुपयोग को रोक पाने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। अभी तक भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों के खिलाफ ज्यादातर रूटीन विभागीय कार्रवाई होती थी, और उनकी नौकरी कमोबेश बनी ही रहती थी। वर्षों तक मुकदमा चलते रहने के कारण सरकारी समय और धन की भी बर्बादी होती थी। इसी कारण सरकारी क्षेत्रों में भ्रष्टाचार को खत्म करने का अभियान कभी तार्किक परिणति तक नही पहुंच पाया। बाहर निकाले गए इन बारह अधिकारियों में से एक को आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में दस साल पहले निलंबित किया गया था. तो एक पर अपने ही विभाग की आयुक्त स्तर की दो महिला अधिकारियों के यौन उत्पीड़न का मामला चल रहा है। बारह में से आठ अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई जांच तल रही थी, कुछ जेल तक जा चुके थे और जमानत पर बाहर आ जाते थे। जबरन रिटायर किए गए ये अधिकारी बची हुई नौकरी के वेतन और सुविधाओं के लाभ से तो वंचित होंगे ही, उससे भी बड़ी बात यह कि अपनी दागदार छवि से वे जिंदगी भर बाहर नहीं निकल पाएंगे। यह फैसला जहां भ्रष्टाचारियों को भयभीत करेगा, वहीं इस कदम से सरकारी कामकाज में ईमानदारी और पारदर्शिता को भी बढावा मिलेगा। उम्मीद करनी चाहिए कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार का यह अभियान जारी रहेगा

No comments:
Post a Comment