अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपनी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट में भारत के अल्पसंख्यकों की असुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमले को लेकर जो खाका खींचा है, वह जमीनी सच्चाई से व्यापक रूप से मेल नहीं खाता। ध्यान रहे, इस रिपोर्ट में अमेरिका के धार्मिक मामलों के आयोग ने जिन 16 देशों में स्थिति को विशेषरूप से चिंताजनक बताया है, उनमें भारत नहीं है। इन देशों में म्यांमार, चान, एरिट्रिया, ईरान, सऊदी अरब, सूडान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, ऩाइजीरिया. पाकिस्तान, रूस, सीरिया और वियतनाम शामिल है। ऐसा लगता है कि बदलती भू-राजनीति के बावजूद अमेरिका वैश्विक व्यवस्था में अपनी चौधराहट कायम रखना चाहता है, नस्लीय भेदभाव और शरणार्थियों के उत्पीड़न के मामले में उसका अपनी रिकॉर्ड कोई अच्छा नहीं है। रिपोर्ट में भारत के बारे में की गई टिप्पणियां न केवल अतिरेक हैं, बल्कि इन्हें देश के आंतरिक मामलों में दखल माना जाना चाहिए। भारत ने अमेरिका की इस एकतरफा रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज किया है और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है, ‘भारत को अपनी धर्मनिरपेक्ष साख, सबसे बड़ा लोकतंत्र और बहुलतावादी समाज होने का गर्व है, जोकि लंबे समय से सहिष्णुता और समावेश को लेकर प्रतिबद्ध है। भारतीय संविधान ने अपने सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार दिए हैं, जिनमें अल्पसंख्यक समुदाय भी शामिल है’। हालांकि यह भी सच है कि हाल के वर्षों में गौरक्षा और धर्म के नाम पर हिंसा और हत्या की घटनाएं हुई हैं और ऐसे मामलों में न्यायपालिका तक को दखल देना पेड़ा है। हाल ही में झारखंड़ में एक मुस्लिम युवक की कथित रूप से मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में भीड़ ने मार डाला। उससे जबरदस्ती ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाने का वीडियो भी वायरल हुआ है। आज के भारत में इस तरह की हिंसा और धार्मिक आधार पर उत्पीड़न की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। बेशक, ऐसे मामलों में पुलिस को बिना किसी दबाव के अपना काम करना चाहिए, लेकिन ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जब उसने राजनीतिक निर्देशों पर काम किया है। इस रिपोर्ट से हमें नसीहत लेने की भले ही जरूरत न हो, लेकिन इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि धार्मिक या लैंगिक आधार पर की जाने वाली ऐसी हिंसा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की नकारात्मक छवि बनती है।

No comments:
Post a Comment