नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 तक हर घर तक पाइप लाइन के जरिये पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जो कि उनके पिछले कार्यक्रम के दौरान शुरु किए गए स्वच्छ भारत अभियान की तरह की अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। खासतौर से मौजूदा परिदृश्य में जब देश के विभिन्न हिस्सों में जल संकट की स्थिति विकट होती जा रही है, इसका महत्व समझा जा सकता है। मसलन महाराष्ट्र के मराठावाड़ा और विदर्भ में मार्च के महीने से ही जल संकट की न केवल खबरें आ रहीं थी, बल्कि हजारों ग्रामीणों को उनके मबेशियों के साथ अस्थायी कैंपों में रहना पड़ रहा है। वस्तुत: देश के एक तिहाई (250) जिले पानी के संकट और सूखे से प्रभावित हैं, इनमें से कई जगहों पर लोगों को कई किलोमीटर दूर से पैदल चलकर पीने का पानी लाना पड़ता है। केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक देश के 91 में से 71 जलाशयों का स्तर चिंताजनक स्तर तक घट चुका है। ऐसा नही ंहै कि पानी का यह संकट अचानक पैदा हो गया है, वास्तविकता यह है कि साल दर साल भू जल स्तर गिरता जा रहा है। जबकि करीब 80 फीसदी पीने के पानी और तकरीबन दो तिहाई खेती के लिए देश भू जल पर ही निर्भर है। दूसरी ओर अभी सिर्फ 16 फीसदी ग्रामीण घरों तक पाइप लाइन के जरिये पानी की आपूर्ति हो पाती है। सरकार अगले पांच साल में बाकी बचे 84 फीसदी घरों तक नल से जल पहुंचाना चाहती है। .यहां उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिला, लेकिन सरकारी मदद से शौचालयों के निर्माण के बावजूद पानी की कमी से इनके इस्तेमाल के प्रति कई जगह बेरूखी भी देखी गई है। जाहिर है, पाइप लाइन के जरिये घरों तक पानी पहुंचने से लोगों को सिर्फ पीने का ही पानी नहीं मिलेगा, बल्कि जहां कहीं खुलें में शौच अब भी चुनौती बना हुआ है, उससे भी छुटकारा मिल सकेगा। हालांकि देश की एक अरब तीस करोंड़ की आबादी और दूरस्थ क्षेत्रों में मुश्किलों को देखते हुए अगले पांच साल में हर घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाना कोई आसान लक्ष्य नही है। ऐसे में जल संसाधनों का समुचित बंटवारा तो जरूरी होगा ही, जल संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति भी हमें जागरूक होना पड़ेगा।

No comments:
Post a Comment