Thursday, June 27, 2019

कानून के रखवाले

इंदौर में एक जर्जर मकान को ढहाने गए नगर निगम के अधिकारियों पर भाजपा युवा विधायक आकाश विजयवर्गीय और उनके समर्थकों  द्वारा किया गया हमला राजनीतिक रसूख और दबंगई दिखाने का ही एक और मामला है। हैरानी इस बात की है कि बल्ले से एक अधिकारी को पीटते नजर आए आकाश यह मानने को तैयार ही नहीं कि उन्होंने कुछ भी गलत किया। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और स्थानीय अदालत नें उन्हें यह कहते हुए जमानत नहीं दी है कि एक विधायक होने के नाते उनसे यह अपेक्षा नहीं की जाती कि वह कानून को अपने हाथ में लें।  वास्वव में इंदौर में सौ से अधिक पुरानी और जर्जर हो चुकी इमारतों की शिनाख्त कर उन्हें ढहाने का आदेश मध्य प्रदेश की पिछली शिवराज सिंह की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने दिया था और जिस इमारत को ढहाने के लिए नगर निगम का अमला गया था, उसे खाली करवाने के लिए तीन नोटिस पहले ही दिए जा चुके थे। ध्यान रहे, पिछले वर्ष ही इंदौर में एक चार मंजिला होटल के ढह जाने से दस लोगों की मौत हो गई थी। यदि इस खास इमारत में किसी कांग्रेसी नेता या अधिकारियों की कोई दिलचस्पी रही   भी होगी, तो इस पर कानूनी रास्ते से शियाकत और कार्य़वाई की जा सकती थी। मगर जैसा कि आकाश ने खुद कहा कि उन्होंने, आवेदन, निवेदन और फिर दे दना दन का रास्ता अख्तियार किया। इसे किसी भी तरह से जायज नही ठहराया जा सकता। गौर करने लायक बात यह भी है कि आकाश कोई आम विधायक नहीं है, बल्कि यह भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के प्रभावी कैलाश विजयवर्गीय के पु्त्र हैं, जिन्हें सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में स्थानीय विधायक ऊषा ठाकुर का टिकट काटकर भारी विरोध के बीच  उम्मीदवार बनाया गया था। यही नहीं, भाजपा एक ओर तो वंशवाद को लेकर कांग्रेस को कोसते नही ंथकती, लेकिन मध्य प्रदेश से ही चुने गए उनके एक केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का पुत्र प्रबल एक व्यक्ति की हत्या के मामले में जेल में हैं. और इसी मामले में एक भाजपा विधायक का पुत्र फरार है। आकाश विजयवर्गीय भले ही अपने कृत्यों को जायज ठहराने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन इससे उनकी पार्टी के साथ ही उनके पिता की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जो भले ही उनका बचाव करते नजर आ रहे हैं। 

No comments:

Post a Comment